फर्रुखाबाद।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। भाजपा सांसद मुकेश राजपूत ने सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव पर हमला बोलते हुए कहां कि पूर्व मुख्यमंत्री का दिमागी संतुलन खराब हो गया है। कभी वह शिव भक्तों की आतंकवादियों से तुलना करते हैं तो कभी मुख्यमंत्री को घुसपैठिया बताने लगते हैं और कभी उन्हें गौशालाओं से गोबर की बदबू आने लगती है ऐसे में सपा मुखिया को अपना मानसिक इलाज करना चाहिए। सांसद ने दीपावली का त्योहार सावधानी और शांतिपूर्वक मनाने जाने के अपील की।
अपने ठंडी सड़क स्थित निवास पर मीडिया से बातचीत करते हुए सांसद ने कहा कि जीएसटी की दरों में कमी होने से समाज के पांच लोगों को लाभ हुआ। एक तो मैन्युफैक्चरर, दूसरे थोक विक्रेता, तीसरे फुटकर विक्रेता, चौथे उपभोक्ता और पांचवें बेरोजगार युवक जिन्हें रोजगार का अवसर मिलेगा। हालांकि इस बात पर पत्रकारों ने पीछे से सवाल किया और कहा कि जीएसटी पूर्ववत ली जा रही है और सारा भार उपभोक्ताओं पर जा रहा है। इस बात पर सांसद ने कहा कि जो कोई पुरानी जीएसटी ले रहा है उसका संज्ञान लिया जाएगा और कार्रवाई कराई जाएगी। जरूरी होगा तो संशोधन भी कराने के लिए संसद में भी मामला उठाएंगे। उन्होंने कहा कि दीपावली पर मिट्टी के दिए को कड़वे तेल से जलाएं। झालर इत्यादि के चक्कर में न पड़ें, क्योंकि कड़वे तेल का दिया जलने से बैक्टीरिया समाप्त होते हैं। इसके साथ ही ओजोन पर्त भी मजबूत होती है। अपने संस्कारों से जुड़कर सनातन परंपरा के अनुसार त्योहार मनाएं। उन्होंने कहा कि अयोध्या में 28 लाख दिए जलाकर सीएम योगी दीपावली मना रहे हैं जो कि एक अपने में इतिहास होगा और सनातन परंपरा को मजबूत करने की कड़ी में या एक विशेष अध्याय होगा। उन्होंने जिला प्रशासन में पुलिस को निर्देशित किया कि त्यौहार में सुरक्षा व्यवस्था का विशेष इंतजाम रखा जाए। इस मौके पर भाजपा जिला अध्यक्ष फतेहचंद वर्मा, भाजपा आर्थिक प्रकोष्ठ के के संयोजक ठाकुर जितेंद्र सिंह राजावत, पूर्व जिला अध्यक्ष रूपेश गुप्ता मीडिया प्रभारी शिवांग रस्तोगी, अनूप मिश्रा आदि मौजूद रहे।
अपना मानसिक संतुलन खो बैठे हैं सपा मुखिया : मुकेश राजपूत

