फर्रुखाबाद।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। जिले के नबाबगंज थाना क्षेत्र के ग्राम सादिकपुर में लगे बायो डीजल प्लांट में अचानक भीषण आग लग गई जो 3 घंटे तक धधकती रही। जिसके बाद आस पास के जिलों से पंहुची दमकल की गाड़ियों नें आग पर काबू पाया। जिसके बाद अधिकारियों ने राहत की सांस ली।
नबाबगंज थाना क्षेत्र के कायमगंज फर्रुखाबाद मार्ग पर स्थिति ग्राम सादिकपुर में वायो डीजल प्लांट में भीषण आग लग गयी। प्लांट के भीतर रखे बड़े गैस सिलेंडर फटने लगे, सूचना पर जिले के आलाधिकारी मौके पर आ गये। तकरीबन तीन घंटे चली कड़ी मेहनत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। इससे पूर्व सादिकपुर गांव को जिला प्रशासन ने खाली कराया। लेकिन उसी दौरान आग में कई धमाके हुए, जिससे ग्रामीण सहम गये, बाद में आग पर काबू पाने के बाद जिला प्रशासन ने राहत की सांस ली। जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने बताया कि आग को बुझा लिया गया है, आग लगने के कारणों का पता लगाने के लिए कमेटी का गठन किया गया है। एसपी आरती सिंह ने बताया कि आग पर काबू पा लिया गया है। कोई जनहानि नहीं हुई।घटना की जानकारी सादिकपुर के वैद्य अजय कुमार कश्यप ने दी।
बायो डीजल प्लांट में अचानक लगी आग : तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू
