कन्नौज : सवर्ण आयोग गठित करने की मांग, प्रदर्शन कर दिया ज्ञापन

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। सवर्ण आर्मी के पदाधिकारियों ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया। उन्होंने राष्ट्रपति के नाम एक तीन सूत्रीय ज्ञापन एसडीएम को सौंपा, जिसमें सवर्ण आयोग के गठन, जातिगत आरक्षण समाप्त करने और एससी-एसटी एक्ट में सुधार या उसे खत्म करने की प्रमुख मांगें रखी गईं।

सवर्ण आर्मी के जिलाध्यक्ष अमित दुबे के नेतृत्व में संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता दोपहर में कलक्ट्रेट पहुंचे। यहां उन्होंने अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। इसके बाद उन्होंने अतिरिक्त एसडीएम नवनीता राय को तीन सूत्रीय मांग पत्र सौंपा।

जिलाध्यक्ष अमित दुबे ने बताया कि सवर्णों की समस्याओं को सुनने और उनके समाधान के लिए सवर्ण आयोग का गठन किया जाना चाहिए। यह आयोग सवर्ण समुदाय के हितों की रक्षा करेगा। संगठन ने जातिगत आरक्षण को पूरी तरह समाप्त करने की भी मांग की। उनका तर्क है कि जातिगत आरक्षण के कारण सवर्ण प्रतिभाओं को आगे बढ़ने में बाधा आती है और उन्हें अवसरों से वंचित होना पड़ता है।

तीसरी प्रमुख मांग एससी-एसटी एक्ट में सुधार या उसे पूरी तरह से खत्म करने की है। सवर्ण आर्मी का आरोप है कि इस अधिनियम का दुरुपयोग होता है, जिससे निर्दोष लोगों को फर्जी मुकदमों में फंसाया जाता है और कई परिवार प्रभावित होते हैं।

इस प्रदर्शन के दौरान देवेश द्विवेदी, चंद्रशेखर, आशीष दुबे, शिव कुमार त्रिपाठी, आदित्य दुबे, अंकित तिवारी, अमित मिश्रा, संतोष पांडेय, विकास पाठक, शशांक सिंह, मयंक शुक्ला,

देवव्रत त्रिपाठी, ओम सिंह, शिवराज सिंह और मुनीम सिंह सहित कई अन्य सदस्य मौजूद रहे।