कन्नौज: चीनी की बढ़ी कीमत से बेखबर है ऊर्जा राज्य मंत्री 

बृजेश चतुर्वेदी 

कन्नौज :(आवाज न्यूज़ ब्यूरो)। प्रदेश में चीनी के आसमान छूते दामों और बढ़ती महंगाई से आम जनता परेशान है लेकिन ऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा स्रोत विभाग के राज्यमंत्री कैलाश सिंह राजपूत इससे पूरी तरह बेखबर नजर आ रहे हैं। तिर्वा रोड स्थित एक गेस्ट हाउस में आयोजित सरकारी कार्यक्रम के दौरान जब मीडिया ने उनसे चीनी की बढ़ती कीमतों को लेकर सवाल किया, तो मंत्रीजी ने साफ शब्दों में कहा- “मुझे चीनी की बढ़ती कीमतों की कोई जानकारी नहीं है।”

कैलाश राजपूत के इस बयान के बाद सियासी और सामाजिक हलकों में चर्चाएं तेज हो गई हैं। जनसमस्याओं और रोजमर्रा की महंगाई से जुड़े इस संवेदनशील मुद्दे पर राज्यमंत्री के इस रुख को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।

लोकमाता अहिल्याबाई योजना के कार्यक्रम में पहुंचे थे मंत्री

यह वाकया तिर्वा रोड स्थित एक गेस्ट में लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा योजना के शुभारंभ समारोह के दौरान हुआ। कार्यक्रम में राज्यमंत्री कैलाश राजपूत ने सरकार की ओर से 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं को परिवहन निगम की बसों में आजीवन मुफ्त बस यात्रा तथा रक्षाबंधन पर 27, 28 और 29 अगस्त को महिलाओं को एक सहयात्री के साथ मुफ्त सफर की सुविधा देने की घोषणा की। समारोह के दौरान महिलाओं को साड़ी व मिष्ठान देकर सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष प्रिया शाक्य, डीएम आशुतोष मोहन अग्निहोत्री, भाजपा जिलाध्यक्ष वीर सिंह भदौरिया और सीडीओ राजेंद्र कुमार श्रीवास सहित कई अधिकारी व जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। लेकिन योजना की सौगातों के बीच चीनी की महंगाई पर मंत्री का यह गैर-जिम्मेदाराना जवाब सुर्खियों में आ गया।