गुजरात में भाजपा को लगातार कमजोर कर रही आम आदमी पार्टी : 2027 चुनाव में बदल सकती है सत्ता!

आम आदमी पार्टी में लगातार शामिल हो रहे भाजपा नेता, 2027 में गुजरात लॉबी को होगी मुश्किल!
नई दिल्ली। (आवाज न्यूज ब्यूरो)। 
गुजरात की राजनीति में एक नया दौर शुरू होने के संकेत मिले हैं। 27 अक्टूबर को गुजरात के छोटा उदयपुर जिले के पुनियावांट क्षेत्र में आम आदमी पार्टी ने ‘गुजरात जोड़ो जनसभा’ का आयोजन किया। इस विशाल सभा में हजारों की संख्या में लोग उमड़ आए। यह सभा न केवल आम आदमी पार्टी की बढ़ती लोकप्रियता का प्रमाण बनी, बल्कि भाजपा और कांग्रेस जैसे पारंपरिक दलों के कई बड़े नेताओं और सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने आम आदमी पार्टी का दामन थाम लिया। पार्टी का दावा है कि इस एक ही सभा में 7 हजार से अधिक भाजपा और कांग्रेस के सदस्य शामिल हो गए। यह घटना गुजरात के आदिवासी और ग्रामीण इलाकों में आम आदमी पार्टी की मजबूत पकड़ को दर्शाती है जो आने वाले स्थानीय और विधानसभा चुनावों में बड़ा बदलाव ला सकती है। वहीं यह जनसभा छोटा उदयपुर के पुनियावांट गांव में आयोजित हुई जो आदिवासी बहुल क्षेत्र है। सभा का मुख्य उद्देश्य गुजरात के कोने-कोने से लोगों को जोड़ना और पार्टी के संगठन को मजबूत बनाना था। आम आदमी पार्टी के गुजरात जोड़ो अभियान का हिस्सा होने के नाते यह कार्यक्रम दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की रणनीति का हिस्सा था, जिसमें पार्टी ने जमीनी स्तर पर काम करके लोगों को भ्रष्टाचार-मुक्त शासन का वादा किया। सभा में मंच पर डेढियापाड़ा के विधायक चैतर वसावा प्रमुखता से मौजूद थे। उनके अलावा जिला अध्यक्ष राधिका राठवा, विधानसभा प्रभारी विनुभाई राठवा और छात्र नेता युवराज सिंह जाडेजा भी मंच पर थे। इन नेताओं ने सभा को उत्साहपूर्ण बनाया और लोगों से सीधे संवाद किया।