बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज। (आवाज न्यूज ब्यूरो)। जिले के ठठिया कस्बे में मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) रामकृपाल ने गुरुवार दोपहर एक स्वयं सहायता समूह द्वारा संचालित एच.आर.के. डिप्लोमा सेंटर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बच्चों के बैठने की व्यवस्था, पीने के पानी, हवा और साफ-सफाई का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान सीडीओ ने छात्रों से उनकी पढ़ाई संबंधी जानकारी भी ली हालांकि, कोचिंग सेंटर में अग्निशमन विभाग से अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) नहीं मिला। साथ ही, वहां कोई अग्निशमन यंत्र भी मौजूद नहीं था, जो सुरक्षा मानकों का उल्लंघन है।
मुख्य विकास अधिकारी ने स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा किए जा रहे इस प्रयास की सराहना की। उन्होंने कहा कि महिलाएं स्वयं सहायता समूह की मदद से आगे बढ़ रही हैं, जो एक सराहनीय कार्य है। सीडीओ ने कोचिंग सेंटर प्रबंधन को जल्द से जल्द फायर एनओसी प्राप्त करने और अग्निशमन यंत्र स्थापित करने के निर्देश दिए।
जानकारी के अनुसार, इस कोचिंग सेंटर में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के बाद छात्र-छात्राएं विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं। इनमें मेडिकल, इंजीनियरिंग, सीए, बैंक, रेलवे, एसएससी, एयर फोर्स, आईएएस और एनडीए जैसी परीक्षाएं शामिल हैं।
