कन्नौज: विशेष गहन मतदाता सूची पुनरीक्षण को लेकर राजनैतिक दलों के साथ बैठक

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। जिला निर्वाचन अधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट कार्यालय कक्ष में विधान सभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (SIR), मतदेय स्थलों के पुनर्संयोजन तथा विधान परिषद के लिए तैयार की जा रही नई मतदाता सूची के संबंध में जनपद के समस्त मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के जिलाध्यक्षों/प्रतिनिधियों की बैठक सम्पन्न हुई।

बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी ने आग्रह किया कि विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत सभी राजनीतिक दल अपने-अपने बूथ लेवल असिस्टेंट  की नियुक्ति समय से सुनिश्चित करें तथा कार्यकाल के दौरान आवश्यक सूचनाएं उपलब्ध कराएं। अब तक भारतीय जनता पार्टी के 1236 एवं समाजवादी पार्टी के 18 बी.एल.ए. नियुक्त किए जा चुके हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि एक बी.एल.ए. प्रतिदिन अधिकतम 50 भरे हुए गणना प्रपत्र संबंधित बी.एल.ओ. को जमा करा सकता है।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार किसी भी एक मतदेय स्थल पर 1200 से अधिक मतदाता नहीं होंगे। इस संबंध में सभी एस.डी.एम./ई.आर.ओ. को निर्देशित किया गया है कि ऐसे स्थलों की पहचान कर उसी केंद्र पर आवश्यकतानुसार नया मतदान स्थल बनाया जाए। इस विषय पर सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने सर्वसम्मति से सहमति व्यक्त की।

उन्होंने कहा कि विधान परिषद मतदाता सूची के निर्माण हेतु दिनांक 06 नवम्बर 2025 तक  प्रपत्र फार्म-18 (स्नातक निर्वाचन) : ऑनलाइन 1560 तथा ऑफलाइन 4690, कुल 6250 आवेदन एवं फार्म-19 (शिक्षक निर्वाचन) : ऑनलाइन 404 तथा ऑफलाइन 1734, कुल 2138 आवेदन प्राप्त हुए हैं।   कहा कि बी.एल.ओ. मानदेय के रूप में कुल ₹15,22,000 की धनराशि प्राप्त हो चुकी है, जिसे तीन दिवस के भीतर उनके बैंक खातों में स्थानांतरित कर दिया जाएगा।

बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि०/रा०) देवेंद्रसिंह, उप जिलाधिकारी सदर सुश्री वैशाली, प्रशिक्षु आईएएस अर्पित कुमार, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी विनीत कटियार सहित सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के जिलाध्यक्ष एवं प्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।