नलकूप के ट्रांसफार्मर से उपकरण चोरी,एफआईआर दर्ज

फर्रुखाबाद।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। मोहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र में खेत पर लगे नलकूप के ट्रांसफार्मर से चोरों ने सामान पार कर दिया। पीडिता ने पुलिस को तहरीर देकर घटना की रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की,जिसके आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है।
दी गयी तहरीर में वादी मीरा देवी पत्नी स्व0 सुभाष सिंह निवासी खि़मसेपुर थाना मोहम्मदाबाद ने कहा कि उसके खेत पर विद्युत नलकूप लगा हुआ है,सुबह गांव के लोग जब खेतों की तरफ गए तो पाया कि पीड़िता के खेत का नलकूप का ट्रांसफॉर्मर विद्युत खंभों के नीचे जमीन पर पड़ा है, और उसका सामान चोरी हो गया है। सूचना पर प्रार्थिनी खेत पर पहुंची और पाया कि वास्तव में ट्रांसफॉर्मर से सब सामान गायब है। ये देखकर प्रार्थिनी के होश उड़ गए, वर्तमान समय में खेतों में आलू की फसल बोई गई है, सिंचाई अति आवश्यक है। ऐसी परिस्थितियों में घटना का भौतिक सत्यापन करवाकर अभियोग पंजीकृत करने के साथ कार्यवाही आपेक्षित है।
वादी मीरा देवी पत्नी स्व0 सुभाष सिंह निवासी खि़मसेपुर थाना मोहम्मदाबाद के प्रार्थनापत्र के आधार पर मोहम्मदाबाद कोतवाली में मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। जांच जारी है।