कन्नौज : वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने पर सामूहिक वाचन एवं स्वदेशी संकल्प कार्यक्रम

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो)।  विधायक तिर्वा कैलाश राजपूत एवं जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री की उपस्थिति में कलेक्ट्रेट गांधी सभागार में राष्ट्रवाद के अग्रदूत बंकिमचंद्र चट्टोपाध्याय जी द्वारा रचित राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सामूहिक वाचन एवं स्वदेशी का संकल्प कार्यक्रम आयोजित हुआ। इस अवसर पर मा० प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के उद्बोधन का सजीव प्रसारण उपस्थित जनों द्वारा देखा एवं सुना गया।

विधायक तिर्वा कैलाश राजपूत ने अपने संबोधन में कहा कि ‘वंदे मातरम्’ केवल एक गीत नहीं, बल्कि यह हमारी राष्ट्रीय अस्मिता, मातृभूमि के प्रति श्रद्धा और स्वतंत्रता की भावना का प्रतीक है। हमें अपने राष्ट्र के गौरव और स्वदेशी मूल्यों को आत्मसात करते हुए देश की उन्नति में योगदान देना चाहिए।’

जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने कहा कि इस गीत ने स्वतंत्रता संग्राम के दौरान देशवासियों के हृदय में नव चेतना और राष्ट्रभक्ति का संचार किया था। आज इसके 150 वर्ष पूर्ण होने पर हम सभी को यह संकल्प लेना चाहिए कि हम स्वदेशी उत्पादों को अपनाकर आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में भागीदारी निभाएं।

कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष वीर सिंह भदौरिया, मुख्य विकास अधिकारी रामकृपाल चौधरी, जिला विकास अधिकारी नरेंद्र देव द्विवेदी, उपायुक्त स्वतः रोजगार राजकुमार लोधी, परियोजना निदेशक डी०आर०डी०ए० राम औतार सिंह, उपायुक्त मनरेगा दिनेश यादव, जिला पर्यटन अधिकारी डॉ एम0मकबूल, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संदीप कुमार, उप निदेशक कृषि संतोष कुमार, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी अनुपम राय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारीगण एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।