बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) देवेन्द्र सिंह की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट गांधी सभागार में जले हुए गांवों के भू-अभिलेख तैयार करने, सर्वेक्षण एवं अभिलेखीय प्रक्रिया से संबंधित बैठक संपन्न हुई।
बैठक में अपर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि गाँवों के सर्वेक्षण एवं अभिलेख तैयार करने की प्रक्रिया को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण किया जाए। उन्होंने बताया कि गदनपुर बड्डू में प्रपत्र-7 की दूसरी प्रति तैयार की जा रही है, जिसे एक माह के भीतर पूर्ण कर लिया जाए। इसी प्रकार कटरी रायपुर लड़ैता में प्रपत्र-8 तैयार किए जाने का कार्य प्रारम्भ हो चुका है, जिसे फरवरी 2026 तक हर हाल में पूर्ण कर लिया जाए।
अपर जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि चांदपुर कछोहा में रकबे के मिलान की प्रक्रिया शीघ्र आरंभ की जाए तथा सभी अधिकारी अपने कार्य के प्रति उत्तरदायित्व एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य करें ताकि सर्वेक्षण प्रक्रिया समयबद्ध ढंग से पूर्ण हो सके।
उन्होंने कहा कि छिबरामऊ क्षेत्र के 25 में से 24 ग्रामों के नक्शे प्राप्त हो चुके हैं, अतः शीघ्र ही अभिलेख मिलान का कार्य प्रारम्भ किया जाए। उन्होंने कहा कि लोगों की समस्याओं का समाधान करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए अभिलेख तैयार किए जाने के कार्य में और अधिक गति एवं पारदर्शिता लाई जाए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) विजय कुमार मिश्र, उप जिलाधिकारी अविनाश कुमार, नवनीता राय सहित संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।
