बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। जिला निर्वाचन अधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री के निर्देशानुसार विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान के प्रभावी संचालन की समीक्षा हेतु जिला प्रशासन द्वारा निरंतर निरीक्षण किया जा रहा है।
इसी क्रम में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/उप जिलाधिकारी सदर सुश्री वैशाली एवं डिप्टी कलेक्टर नवनीता राय ने आज विभिन्न क्षेत्रों का व्यापक भ्रमण किया। अधिकारियों ने पुनरीक्षण कार्यों की प्रगति का मौके पर जाकर जायज़ा लिया तथा संबंधित कार्मिकों से मतदाता सूची अद्यतन कार्य की स्थिति, घर-घर सर्वे, दावों/आपत्तियों के निस्तारण एवं प्रपत्रों की उपलब्धता आदि के बारे में विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बीएलओ एवं संबंधित स्टाफ को निर्देशित किया कि पुनरीक्षण कार्य निर्धारित समयावधि में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण किया जाए। प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में सम्मिलित करने और त्रुटियों के शुद्धिकरण के लिए तत्परता से कार्य करने के निर्देश भी दिए गए।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि मतदाता सूची को शत-प्रतिशत अद्यतन सुनिश्चित करना सर्वोच्च प्राथमिकता है, ताकि आगामी निर्वाचन प्रक्रिया सुचारु एवं पारदर्शी रूप से सम्पन्न हो सके।

