बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। भाजपा कार्यकर्ताओं को एसआईआर प्रक्रिया के बारे में जानकारी देने के लिए समाज कल्याण मंत्री ने बैठक की। यहां उन्होंने कार्यकर्ताओं को वोट बनवाने के लिए प्रेरित किया। मीडिया से बात करते हुए उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पर निशाना भी साधा।
शहर के सरायमीरा के कटियार मोहल्ला स्थित हरदेव मन्दिर परिसर में कार्यकर्ताओं के साथ समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण ने बैठक की। यहां कार्यक्रम के बाद मंत्री असीम अरुण ने मीडिया से बात की और एक सवाल का जवाब देते हुए उन्होंने कहाकि एसआईआर को लेकर अखिलेश यादव भ्रम फैलाने की कोशिश करते हैं, लेकिन वह सफल नहीं होते। उत्तर प्रदेश और भारत के लोग स्मार्ट हैं। उन्हें पता है कि वोटर लिस्ट की शुद्धिकरण का काम है एसआईआर।
जो लोग फर्जी तरह से जुड़े हुए थे उन्हें हटाने और जो लोग वोटर हैं, उन्हें अधिकारपूर्वक जोड़ने के लिए एसआईआर है। ये कोई नई प्रक्रिया नहीं है। ये हमेशा से चलती रही है। उसको चुनाव आयोग होशियारी के साथ अब कर रहा है। इसमें किसी तरह के विरोध का सवाल ही नहीं उठता है। मैं तो कहता हूं कि जिस तरह भारतीय जनता पार्टी इस प्रक्रिया में सहयोग कर रही। अपने बूथ लेबल एजेंट बना रही है। समाजवादी पार्टी को भी इसी तरह से इस संवैधानिक प्रक्रिया में सहयोग करना चाहिए।