बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज। (आवाज न्यूज ब्यूरो) सीएमओ ऑफिस के बाहर लगातार चार दिनों से धरना दे रहीं आशाओं का सब्र जवाब देने लग गया। गुस्साई आशाओं ने अनदेखी करने पर शासन और प्रशासन को चेतावनी दी है। आशा बहुओं को राज्य कर्मियों का दर्जा मिले और उन्हें 25 हजार रुपए हर महीने मानदेय का भुगतान किया जाए। अपनी इन मांगों को लेकर आशा बहुएं धरना-प्रदर्शन कर रही हैं। वह पिछले चार दिनों से कन्नौज के सीएमओ ऑफिस में धरना दे रहीं हैं।
हालांकि, चार दिनों में न तो किसी अधिकारी ने उनसे बात की और न ही कोई जनप्रतिनिधि मिलने गया। जिससे पांचवें दिन आशाओं का सब्र जवाब दे गया। उन्होंने प्रशासन और शासन को चेतावनी दी कि यदि आशा बहुओं की मांगे इस बार न मानी गईं तो सरकार का काफी नुकसान हो सकता है।
बिनोद दीक्षित अस्पताल में सीएमओ दफ्तर के बाहर आशाओं ने जमकर नारेबाजी की। यहां संगठन की जिलाध्यक्ष रानी देवी ने आरोप लगाया कि उन लोगों से विभाग काम तो एक वर्कर की तरह लेता है, लेकिन मानदेय काफी कम है। जिस कारण वह लोग कई बार आंदोलन कर चुकीं। इसके बावजूद सरकार और नेता कोई ध्यान नहीं दे रहे। इस बार आरपार का आंदोलन किया जाएगा। जब तक मांगों को स्वीकृति प्रदान नहीं की जाएगी, तब तक वह लोग धरने से नहीं उठेंगी।
भीषण सर्दी में धरने पर बैठीं आशा बहुओं को किसी तरह का अब तक अफसरों से आश्वासन नहीं मिला। जिससे उन लोगों में खासी नाराजगी है। इस मौके पर भोजवती, किरन देवी, माया देवी, प्रीति, सरोजनी, संध्या, सुधा, शिव देवी, लौंगश्री, बबिता शुक्ला समेत कई आशाएं मौजूद रहीं।
