कन्नौज : पुलिस ने कांग्रेसियो को भाजपा कार्यालय घेरने से रोका, जहां थे वही धरने पर बैठे

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो)  भाजपा कार्यालय का घेराव करने जा रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने रोक दिया। इसके बाद कार्यकर्ताओं को एक ही स्थान पर बैठकर प्रदर्शन करना पड़ा। इस दौरान कांग्रेसियों ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा।

दरअसल, यह प्रदर्शन नेशनल हेराल्ड मामले से जुड़ा है। हाल ही में दिल्ली कोर्ट ने इस मामले में ईडी की चार्जशीट पर संज्ञान लेने से इनकार कर दिया था। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि भाजपा सरकार सोनिया गांधी और राहुल गांधी को निशाना बनाने के लिए केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है।

इसी मुद्दे पर कांग्रेस हाईकमान के निर्देश पर जिले में भाजपा कार्यालय का घेराव कर प्रदर्शन किया जाना था। प्रदर्शन के लिए पार्टी नेता सरायमीरा स्थित पूर्व जिलाध्यक्ष अजय पांडेय के आवास पर एकत्र हुए थे।

कांग्रेसियों के एकजुट होने की सूचना मिलते ही सीओ तिर्वा कुलवीर सिंह और कोतवाली प्रभारी जितेंद्र प्रताप सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने कांग्रेस नेताओं को भाजपा कार्यालय तक जाने से रोक दिया। इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ता पूर्व जिलाध्यक्ष अजय पांडेय के आवास के बाहर ही सांकेतिक धरने पर बैठ गए और नारेबाजी की। इस प्रदर्शन में पूर्व जिलाध्यक्ष विजय मिश्रा, ऊषा दुबे, दिनेश पालीवाल, तारिक वशीर, अहसान उल हक सहित पार्टी के कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।