कन्नौज: जनपद में अब तक हुई 9238 क्विंटल धान की खरीद

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज। (आवाज न्यूज ब्यूरो)  जिला खाद्य विपणन अधिकारी अनूप कुमार श्रीवास्तव द्वारा विपणन शाखा के धान क्रय केन्द्र मण्डी तिर्वा (प्रथम एवं द्वितीय) का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान श्री अजय गुप्ता का लगभग 40 कुंतल, दिगम्बर सिंह का लगभग 70 कुंतल, जितेन्द्र सिंह का लगभग 65 कुंतल तथा चन्द्रपाल का लगभग 90 कुंतल धान क्रय किया जा रहा था।

 धान क्रय केन्द्र मण्डी तिर्वा प्रथम पर अब तक 112 किसानों से कुल 675.80 मीट्रिक टन धान की खरीद की जा चुकी है, जिनमें से 105 किसानों का भुगतान पूर्ण कर दिया गया है। इसी प्रकार धान क्रय केन्द्र मण्डी तिर्वा द्वितीय पर 103 किसानों से कुल 824.92 मीट्रिक टन धान की खरीद की गई है, जिनमें से 96 किसानों का भुगतान किया जा चुका है।

जनपद में अब तक 3348 किसानों द्वारा धान विक्रय हेतु पंजीकरण कराया जा चुका है, जिनमें से 2008 किसानों के पंजीकरण का सत्यापन पूर्ण हो चुका है। 28 दिसम्बर तक जनपद में कुल 1235 किसानों से 9238.16 मीट्रिक टन धान की खरीद की जा चुकी है, जिनमें से 1215 किसानों को कुल ₹2191.78 लाख का भुगतान किया जा चुका है। गत वर्ष इसी तिथि तक 1090 किसानों से 8578.23 मीट्रिक टन धान की खरीद की गई थी।

धान विक्रय करने वाले किसानों का भुगतान आधार से लिंक बैंक खाते में पी.एफ.एम.एस. (PFMS) के माध्यम से 24 घंटे के भीतर किया जाएगा। धान खरीद से संबंधित किसी भी प्रकार की समस्या होने पर किसान जिला खाद्य विपणन अधिकारी, कन्नौज के मोबाइल नम्बर 9956199399 पर संपर्क कर सकते हैं।