सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने यूपी पुलिस भर्ती में उठाई आयु सीमा बढ़ाने की माँग

‘‘सीएम योगी से युवाओं के लिए मांगा नए साल का तोहफा‘‘
लखनऊ।(आवाज न्यूज ब्यूरो)
 समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश में कांस्टेबल पदों के लिए निकली भर्ती में पुरुषों की आयु सीमा को बढ़ाने की माँग की है। उन्होंने कहा कि सरकार की खामियों की वजह से युवा ओवरएज हो गए हैं। उन्होंने योगी सरकार से मांग की कि युवाओं को आयु सीमा में छूट देकर सरकार को उन्हें नए साल का तोहफा देना चाहिए।
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कांस्टेबल भर्ती में पुरुषों की आयु सीमा बढ़ाने की मांग का समर्थन करते हुए सोशल मीडिया एक्स पर अपनी बात रखी और सरकार से उम्मीदवारों को नए साल का तोहफा देने की मांग की। सपा अध्यक्ष ने कहा कि ये युवा सरकार की भर्ती को लेकर लचर व्यवस्था के चलते ओवर एज हो गए हैं। इसलिए उन्हें आयु सीमा में छूट मिलनी चाहिए.
सपा अध्यक्ष ने की योगी सरकार से मांग
अखिलेश यादव ने लिखा- ’भाजपा सरकार की खामियों के कारण अनियमित हुई पुलिस भर्ती और उसकी वजह से ओवरएज हो गये अभ्यर्थियों को उम्र की छूट देकर, उप्र सरकार नव वर्ष का तोहफ़ा दे!
भाजपा सरकार की लचर और दोषपूर्ण भर्ती प्रक्रिया का ख़ामियाज़ा बेरोज़गार युवा क्यों भुगतें. हम पुलिस भर्ती के हर अभ्यर्थी की माँग के साथ हैं। युवाओं का भविष्य ही देश का भविष्य है। उप्र के हर युवा को सम्मानपूर्वक जीवन जीने की शुभेच्छा सहित नये साल की हार्दिक शुभकामनाएँ!’
जानें क्या है पूरा मामला
दरअसल यूपी पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने कांस्टेबल के 32,679 पदों पर भर्ती की विज्ञप्ति जारी कर दी है, जिसमें पुरुषों की उम्र घटाकर 22 साल कर दी गई है जबकि महिला उम्मीदवार की अधिकतम आयु 25 साल कर दी है। जिसके बाद पुरुषों के वर्ग में इसे लेकर खासी नाराजगी देखने को मिल रही है। जिसके बाद सोशल मीडिया पर आयु सीमा बढ़ाने की माँग की जा रही है। कांस्टेबल भर्ती में आवेदन करने वाले इच्छुक अभ्यार्थी इस आयु सीमा को बढ़ाने की माँग कर रहे हैं। उनका कहना है कि बार-बार भर्ती में हो रही देरी की वजह कई ऐसे उम्मीदवार है जिनकी आयु सीमा ज्यादा हो गई है। ऐसे में वो इन पदों के लिए अपना आवेदन नहीं दे पा रहे हैं।