कन्नौज संग्रहालय में बच्चों की डिटेक्शन चैंपियनशिप

जॉइंट मजिस्ट्रेट ने विजेताओं को ट्रॉफी और मेडल दिए

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो)  राजकीय पुरातत्व संग्रहालय में स्कूली बच्चों के बीच डिटेक्शन चैंपियनशिप प्रतियोगिता कराई गई। जिसमें जॉइंट मजिस्ट्रेट ने विजेता बच्चों को ट्रॉफी, मेडल और प्रमाण पत्र प्रदान किए। यहां छिबरामऊ और कन्नौज के कई बच्चों ने प्रतिभाग किया।

म्यूजियम के हाल में राजकीय पुरातत्व संग्रहालय और ब्रेन-ओ ब्रेन एकेडमी के सहयोग से डिटेक्शन चैंपियनशिप प्रतियोगिता कराई गई। जिसमें छिबरामऊ और कन्नौज के 50 से अधिक बच्चों ने प्रतिभाग किया। यहां कम्पटीशन के दौरान याशिका गुप्ता, अदिविका, एलिना, ओजस्वी, प्रज्ज्वल और तेजस ने हुनर का प्रदर्शन करते हुए चैंपियनशिप अपने नाम की।

इसके अलावा आशवी, ईशान, याशिका, एलिना, ओजस्वी, प्रगनय और अवनि ने गोल्ड मेडल हासिल किया। सभी विजेताओं को जॉइंट मजिस्ट्रेट सुश्री वैशाली (आईएएस) ने ट्रॉफी, मेडल और प्रमाण देकर पुरस्कृत किया। उन्होंने कहाकि यहां मैथ से जुड़े सवाल बच्चों से किए गए। मैथ में एक खासियत है कि उसका आंसर सही होगा तो पूरे अंक मिलेंगे और अगर आंसर गलत तो पूरे नम्बर कटेंगे। मैथ में उसी को सफलता मिलती है, जो सोच समझ कर आंसर लिखता है।

उन्होंने कहाकि जो बच्चे कम्पटीशन नहीं जीत पाए, वो निराश न हों, अगली बार और अधिक जानकारी के साथ आप सफलता हासिल कर सकेंगे। उन्होंने कहाकि मैं खुद चार बार असफल होने के बाद पांचवी बार में परीक्षा पास कर पाई और आईएएस बन गई। इसलिए कभी असफलता से किसी को निराश होने की जरूरत नहीं है। कार्यक्रम के दौरान वीथिका सहायक डॉ. पवन तिवारी, रोहित राज, निशा उपाध्याय, माया सेंगर, अरविंद कुमार सिंह, विशाल समेत कई लोग मौजूद रहे।