डॉ. शक्ति बसु कन्नौज रत्न घोषित, काफी टेबिल बुक का भी विमोचन
बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो) प्रभारी मंत्री/ राज्य मंत्री, उच्च शिक्षा विभाग, उत्तर प्रदेश रजनी तिवारी, विधायक तिर्वा कैलाश राजपूत, जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री, पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार, मुख्य विकास अधिकारी रामकृपाल चौधरी, भाजपा जिलाध्यक्ष वीर सिंह भदौरिया की उपस्थित में कलेक्ट्रेट परिसर में “उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस-2025“ कार्यक्रम का भव्य आयोजन सम्पन्न हुआ।
उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर भारत के गृहमंत्री एवं मुख्यमंत्री के उद्बोधन का सजीव प्रसारण उपस्थित जनसमूह द्वारा देखा एवं सुना गया। इस दौरान विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए जनकल्याणकारी योजनाओं के स्टॉलों का अतिथियों द्वारा अवलोकन किया गया तथा अन्नप्राशन संस्कार भी सम्पन्न कराया गया।
इस दौरान कन्नौज के इतिहास एवं विरासत पर आधारित काॅफी टेबल बुक का विमोचन भी किया गया। काॅफी टेबल बुक के प्रकाशन में समन्वयक जिला पर्यटन अधिकारी डा0 एम0 मकबूल व सी0एम0 रिसर्च फेलो नमन दुआ तथा उसमें सहयोग प्रदान करने वाले विकास अवस्थी, अभिषेक दुबे, बृजेश चतुर्वेदी,
विकास कुशवाहा को अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया गया। इस पुस्तक का प्रकाशन जिला पर्यटन एवं संस्कृति परिषद (पर्यटन विभाग) कन्नौज द्वारा किया गया है।
कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न विभागों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभाशाली विद्यार्थियों, कलाकारों, कृषकों, उद्यमियों एवं सराहनीय कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रमाण पत्र एवं सम्मान प्रदान कर प्रोत्साहित किया गया। यह आयोजन प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार एवं प्रतिभा सम्मान की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध हुआ।
पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के अंतर्गत संस्कृति उत्सव-2026 की प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। एकल गायन प्रतियोगिता में कृष्णा ने प्रथम, अनुष्का दुबे ने द्वितीय तथा प्रतिमा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। समूह गायन प्रतियोगिता में कानपुर पब्लिक स्कूल प्रथम, गोमती देवी गर्ल्स इंटर कॉलेज, कन्नौज द्वितीय तथा सुजैन एवं अलैना तृतीय स्थान पर रहीं। एकल नृत्य प्रतियोगिता में अंकुश प्रथम, तुलसी द्वितीय एवं वैष्णवी तृतीय स्थान पर रहीं। वहीं समूह नृत्य प्रतियोगिता में कानपुर पब्लिक स्कूल, कन्नौज ने प्रथम, हीरालाल इंटर कॉलेज, कन्नौज ने द्वितीय तथा के०के०सी०एन० इंटर कॉलेज, कन्नौज ने तृतीय स्थान प्राप्त किया, जिसमें श्रेयश मिश्र प्रथम, खुशबू शर्मा द्वितीय एवं खुशी सिंह तृतीय स्थान पर रहीं।
बेसिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत पीएम श्रेष्ठा (IIR-353) योजना में निमिषा, इंस्पायर अवार्ड योजना में अल्का देवी तथा 53वीं बाल विज्ञान कांग्रेस (मंडल स्तर) में शायरा वक्श को सम्मानित किया गया। माध्यमिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत शिक्षा के विविध आयामों में उत्कृष्ट योगदान हेतु सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, कन्नौज के प्राचार्य को 7-स्टार श्रेणी में प्रमाण पत्र प्रदान किया गया।
जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केंद्र के माध्यम से मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के अंतर्गत अमन राठौर, अनिल कुमार एवं आशीष कुमार को सीएम युवा डमी चेक प्रदान किए गए। विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के अंतर्गत माधुरी देवी, निर्मला देवी एवं रेखा को सिलाई मशीनें वितरित की गईं। तारकशी विधा में राज्य हस्तशिल्प पुरस्कार से सम्मानित युवा उद्यमी श्री रामशंकर दोहरे को विशेष प्रमाण पत्र एवं सम्मान प्रदान किया गया। महिला कल्याण विभाग के अंतर्गत मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (कोविड) के तहत प्रथम चैहान एवं आर्यन को लैपटॉप वितरित किए गए। कृषि विभाग द्वारा डिजिटल क्रॉप सर्वे एवं फार्मर रजिस्ट्री में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कार्मिकों दिलीप कुमार, शैलेन्द्र कुमार एवं श्री संजीव कुमार को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। प्राकृतिक एवं जैविक खेती में उत्कृष्ट योगदान हेतु श्री यशकरन सिंह एवं श्री राकेश कटियार को सम्मानित किया गया।
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से चिकित्सा क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवाओं हेतु मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ० शक्ति बसु को विशेष सम्मान प्रदान किया गया। उद्यान विभाग द्वारा औद्यानिक विकास योजना के अंतर्गत 10 लाभार्थियों को शंकर सब्जी बीज वितरित किए गए। खादी ग्रामोद्योग विभाग के अंतर्गत खादी प्रोत्साहन नीति की प्रधान पुरस्कार योजना के 8 लाभार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए।
इस अवसर पर उच्च शिक्षा मंत्री रजनी तिवारी ने अपने संबोधन में कहा कि 2017 में योगी के नेतृत्व में सरकार बनी, तब से उत्तर प्रदेश दिवस भव्य रूप से मनाया जा रहा है। उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस प्रदेश की प्रतिभाओं, सांस्कृतिक विरासत एवं विकास यात्रा को सम्मान देने का सशक्त मंच है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ने विकास, कानून-व्यवस्था एवं सुशासन के क्षेत्र में प्रदेश को नई दिशा दी है। प्रदेश को वन ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था बनाने के लक्ष्य की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है। सरकारी विद्यालयों में निजी विद्यालयों जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराकर शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार किया गया है। बहन-बेटियों को भयमुक्त वातावरण प्रदान करना प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता रही है। डबल इंजन की सरकार बनने के बाद कानून-व्यवस्था, शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क एवं बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य हुए हैं।
विधायक तिर्वा कैलाश राजपूत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में देश एवं प्रदेश निरंतर विकास की ओर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण, युवाओं को रोजगार, किसानों की समृद्धि एवं औद्योगिक विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य हुए हैं तथा प्रदेश से गुंडाराज समाप्त कर सुरक्षित वातावरण स्थापित किया गया है।
जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस के माध्यम से सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुँचाने का सशक्त अवसर मिलता है। उन्होंने बताया कि शासन की मंशा के अनुरूप जनपद में योजनाओं का प्रभावी एवं पारदर्शी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा रहा है, ताकि प्रत्येक पात्र व्यक्ति को समयबद्ध लाभ प्राप्त हो सके। कहा कि कल जनपद में मतदाता दिवस कार्यक्रम का भव्य आयोजन भी किया जायेगा।
उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर जनपद में एकीकृत बागवानी विकास मिशन योजना वर्ष 2025-26 के अंतर्गत औद्यानिक गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी का उद्देश्य कृषकों को आधुनिक एवं वैज्ञानिक बागवानी तकनीकों से अवगत कराना रहा। कार्यक्रम में कृषि विज्ञान केंद्र एवं सुगंध एवं सुरस विकास केंद्र, कन्नौज के वैज्ञानिकों द्वारा विभिन्न औद्यानिक फसलों पर तकनीकी जानकारी दी गई। उप कृषि निदेशक श्री संतोष कुमार द्वारा कृषि विभाग की योजनाओं एवं फार्मर रजिस्ट्री के बारे में बताया गया। जिला उद्यान अधिकारी सी0पी0 अवस्थी ने गोष्ठी की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए विभागीय योजनाओं की जानकारी दी। कृषि विज्ञान केंद्र, अनौगी के वैज्ञानिक अरविन्द कुमार ने आलू की खेती में पोषक तत्व प्रबंधन एवं रोग नियंत्रण पर जानकारी दी। एफ०एफ०डी०सी० के वैज्ञानिक डॉ० कमलेश ने गुलाब, पामारोजा, खस, मेहंदी व बेला जैसी इत्र फसलों की वैज्ञानिक खेती एवं इत्र निष्कर्षण की विधियों पर प्रकाश डाला। उद्यान वैज्ञानिक डॉ० अमर सिंह ने आलू की वैज्ञानिक खेती, बीज उत्पादन तथा रोग-कीट प्रबंधन की जानकारी दी।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी देवेन्द्र सिंह, जिला विकास अधिकारी नरेंद्र देव द्विवेदी, डीसी एनआरएलएम राजकुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक पप्पू सरोज, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संदीप कुमार, जिला समाज कल्याण अधिकारी वेद प्रकाश मिश्रा, जिला प्रोबेशन अधिकारी सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी, प्रतिनिधिगण/गणमान्यजन एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

