फर्रुखाबाद।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। जिला प्रशासन ने एक बड़ी कार्यवाही करते हुए कुख्यात माफिया अनुपम दुबे की करीब 12 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की संपत्ति कुर्क कर ली है। यह कार्रवाई गैंगस्टर एक्ट के तहत की गई।
फर्रुखाबाद कोतवाली में दर्ज गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में सुनवाई के चलते जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने माफिया अनुपम दुबे की संपत्ति कुर्क करने के आदेश जारी किए थे। इसी क्रम में बुधवार को प्रशासनिक टीम ने कस्बा नवाबगंज क्षेत्र में स्थित लगभग 6 बीघा जमीन को कुर्क करने की कार्रवाई को अंजाम दिया। प्रशासन के अनुसार, कुर्क की गई इस संपत्ति की बाजार कीमत 12 करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई है।
बताया जा रहा है कि माफिया अनुपम दुबे वर्तमान में मथुरा जेल में बंद है। उसके खिलाफ वर्ष 2021 में गैंगस्टर एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था। इस मामले की सुनवाई डीएम न्यायालय में चल रही थी। लंबी सुनवाई के बाद 28 नवंबर 2025 को न्यायालय ने फैसला सुनाते हुए उसकी अवैध रूप से अर्जित संपत्तियों को कुर्क करने के आदेश दे दिए। शासन के अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने और अपराधियों पर नकेल कसने के लिए किसी भी स्तर पर ढिलाई नहीं बरती जाएगी।
माफिया अनुपम दुबे की 12 करोड़ से अधिक की संपत्ति कुर्क : जिला प्रशासन की बडी कार्यवाही
