एसआईआर के बहाने काटे जा रहे हैं वोट : डिंपल यादव

लखनऊ।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव ने शनिवार को मैनपूरी में मीडिया से बात करते हुए सरकार पर बड़ा हमला बोला है। डिंपल यादव ने सरकार पर बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि एसआईआर की आड़ में वोट काटे जा रहे हैं।
समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव ने शनिवार को मैनपूरी में मीडिया से बात करते हुए सरकार पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने एसआईआर प्रक्रिया पर बात करते हुए कहा कि बीजेपी ने चुनाव में हार की डर की वजह से इसे शुरू करवाया है। एक सोची समझी साजिश के तहत लोगों के वोट डिलीट कराए जा रहे हैं। डिंपल ने हाल ही में संसद में पेश किए बजट, अमेरिका से ट्रेड डील और चाइनीज मांझे को लेकर भी सरकार पर हमला बोला है।
सांसद डिंपल यादव ने एसआईआर के सवाल का जवाब देते हुए कहा कि चुनाव आयोग एक तरह से बीजेपी के लिए काम कर रहा है। चुनाव आयोग का पक्षपात पूर्ण रवैया अपनाया हुआ है। आने वाले समय में वोट डिलीट कराए जाएंगे, जिसके लिए एक महीने का समय बढ़ा दिया गया है। उन्होंने सपा कार्यकर्ताओं को आगाह करते हुए कहा कि हम सभी को इस पर बहुत ध्यान देने की जरूरत है। बेवजह लोगों के वोटों को कटने नहीं देना हैं। बीएलओ और अन्य अधिकारियों से लगातार संपर्क में रहकर इस प्रक्रिया पर नजर रखना होगा।
ममता बनर्जी के साथ है सपा, बजट को बताया नीरस
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी द्वारा इलेक्शन कमीशन के खिलाफ महाभियोग लाए जाने वाले बयान पर डिंपल यादव ने कहा कि सपा उनके साथ है। हम ममता बनर्जी को पूरा सहयोग देंगे। पूरा अपोजिशन इसमें सहयोग देगा, क्योंकि इलेक्शन कमीशन भेदभाव पूर्ण तरीके से एक संवैधानिक ढांचे को क्षति पहुंचान का काम कर रही है। वहीं केंद्रीय बजट पर भी डिंपल यादव ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने बजट में किसी भी तरह का वेलकमिंग डिसीजन नहीं दिखा है। सरकार की तरफ से मध्यम वर्ग के लोगों के लिए कुछ भी नहीं है। पूरे बजट में देखेंगे तो ऐसा कुछ भी नहीं है जो लोगों के परिवार को खुशियों से भर दे।
बीजेपी सरकार में क्यों आती हैं ऐसी फिल्में
घूसखोर पंडित मूवी पर मचे बवाल पर सपा सांसद ने कहा कि ये बताइए आखिर बीजेपी सरकार में ही ऐसी मूवी क्यों बन रही हैं? बीजेपी जब से सत्ता में आई है ऐसी फिल्मों को बढ़ावा मिला है। उन्होंने आरोप लगाया है कि बीजेपी इन फिल्मों के जरिए समाज में भेदभाव बनाए रखने का कार्य कर रही है। बीजेपी इसका इस्तेमाल अपनी वोट बैंक की राजनीति के लिए करती है।
चाइनीज मांझे को लेकर अखिलेश यादव द्वारा पतंग के वीडियो के साथ चाइनीज मांझे को लेकर एक्स पर किए गए पोस्ट पर डिंपल यादव ने सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि चाइनीज मांझा बहुत खतरनाक है। इसे रोकने की जिम्मेदारी सरकार की बनती है। सरकार को इस पर रोक लगानी चाहिए। चाइनीज मांझा ही नहीं, न जाने कितना सामान चाइना से भारत आ रहा है। हानि पहुंचाने वाले चीनी सामानों पर बैन लगाना चाहिए।
अमेरिका से ट्रेड डील करेगी भारतीय किसानों को कमजोर
अमेरिका से ट्रेड डील को लेकर सपा सांसद डिंपल यादव ने सरकार को आड़े हाथों लिया है। उन्होंने आरोप लगाया है कि इस डील से भारतीय किसानों को कोई फायदा नहीं होने वाला है। उल्टा किसान इस डील से कमजोर होंगे। उन्होंने कहा कि सरकार कॉरपोरेट जगत के लोगों को पूरे देश पर हावी करना चाहते हैं। उन्हें किसानों की जीविका से कोई मतलब नहीं है। इसी रणनीति के तहत पूरे यूएसए के बाजार खोले गए है।
यूपी में सभी समाज सपा के साथ
सपा सांसद डिंपल यादव ने कहा कि सपा आने वाले चुनावों की तैयारी में लगी है। ये सभी को पता है कि केंद्र में मौजूद बीजेपी सरकार पूर्ण बहुमत में नहीं है, क्योंकि यूपी में सभी समाज के लोगों ने एक मत होकर सपा को वोट दिया है। इस बार भी ऐसा ही कुछ होगा। सरकार ने इससे बचने के लिए ही एसआईआर प्रक्रिया शुरू करवाई है। चाहे यूपी हो या वेस्ट बंगाल, सरकार कहीं भी किसी भी तरह से लोकतांत्रिक रूप से चुनाव नहीं होने देना चाहती है। उन्होंने कहा कि 2024 में पश्चिम बंगाल में सभी दलों ने अलग-अलग चुनाव लड़ा था। रिजल्ट बहुत अच्छे रहे थे। वह खुद हाल ही में वेस्ट बंगाल गईं थीं। उन्हें पूरा भरोसा है कि इस बार भी ममता बनर्जी पश्चिम बंगाल में पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएंगी।