कन्नौज : डीएम ने दिए तेरामल्लू के ग्राम पंचायत सचिव के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री की अध्यक्षता में ग्राम पंचायत तेरामल्लू में ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया।    

जिलाधिकारी ने चौपाल के दौरान सामुदायिक शौचालय का निरीक्षण किया, जहां शौचालय बंद पाए जाने तथा केयर-टेकर के अनुपस्थित रहने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी व्यक्त की और संबंधित सचिव ब्रजेश कुमार के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके पश्चात उन्होंने पंचायत भवन एवं डाकघर का निरीक्षण कर कार्यालयों को सुव्यवस्थित एवं कार्यशील रखने के निर्देश दिए।

चौपाल में अवगत कराया गया कि ग्राम में कुल 45 हैंडपंप स्थापित हैं तथा जल जीवन मिशन के अंतर्गत पानी की टंकी भी निर्मित है, किंतु सभी घरों तक पेयजल की आपूर्ति नहीं हो पा रही है। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक घर तक जलापूर्ति सुनिश्चित की जाए तथा श्याम सुंदर एवं पिंटू राठौर के दरवाजे पर लगे हैंडपंपों की शीघ्र मरम्मत कराई जाए।

ग्राम पंचायत में 2 प्राथमिक विद्यालय, 1 उच्च प्राथमिक विद्यालय तथा 2 आंगनबाड़ी केंद्र संचालित हैं। वहीं 109 वृद्धावस्था पेंशन, 73 निराश्रित महिला पेंशन एवं 23 दिव्यांग पेंशन लाभार्थी हैं। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि कोई भी पात्र असहाय अथवा वृद्धजन पेंशन योजनाओं से वंचित न रहे। ग्राम में 401 पात्र गृहस्थी एवं 109 अंत्योदय कार्डधारक हैं। साथ ही 327 शौचालय निर्मित हैं तथा चालू वित्तीय वर्ष में मुख्यमंत्री आवास योजना के अंतर्गत 6 लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया है।

उन्होंने बताया कि फार्म-6 हेतु विशेष अभियान 22 फरवरी 2026 को आयोजित होगा, जिसके लिए सभी तैयारियां समय से पूर्ण कर ली जाएं। ग्रामीणों द्वारा खेल मैदान की मांग पर जिलाधिकारी ने भूमि चिन्हित कर खेल मैदान विकसित कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने तहसीलदार को ग्राम की सरकारी भूमि चिन्हित कर उसे कब्जामुक्त कराने के निर्देश दिए तथा पंचायत भवन परिसर की खाली भूमि पर टीन शेड लगाकर उसे बैठक आदि के लिए उपयोग में लाने को कहा।

चौपाल में जिला विकास अधिकारी नरेन्द्र देव द्विवेदी, तहसीलदार भरत कुमार मौर्य, खण्ड विकास अधिकारी सदर सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।