बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के माय भारत, राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) तथा पी एस एम कॉलेज के संयुक्त तत्वावधान में जिला स्तरीय विकसित भारत युवा संसद–2026 का आयोजन दिनांक 26 फरवरी को महाविद्यालय परिसर में किया जाएगा। कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री एवं मुख्य विकास अधिकारी राम कृपाल चौधरी द्वारा पोस्टर का विमोचन किया गया।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अजय सिंह ने बताया कि इस कार्यक्रम के आयोजन के लिए महाविद्यालय एवं मंत्रालय के मध्य पूर्व में एमओयू संपादित किया गया था, जिसके अंतर्गत यह जिला स्तरीय युवा संसद आयोजित की जा रही है। कार्यक्रम के संचालन हेतु जिला समन्वयक राष्ट्रीय सेवा योजना, जिला युवा अधिकारी माय भारत, जिला समन्वयक एनएसएस (स्कूल शिक्षा) तथा महाविद्यालय के अधिकारियों की एक समिति गठित की गई है।
राष्ट्रीय सेवा योजना के जिला समन्वयक डॉ. रमेश सिंह ने जानकारी दी कि इस कार्यक्रम में माय भारत पोर्टल पर पंजीकृत 18 से 25 वर्ष आयु वर्ग के युवा प्रतिभागी हिंदी अथवा अंग्रेजी भाषा में अपने विचार प्रस्तुत करेंगे। प्रत्येक प्रतिभागी को अधिकतम तीन मिनट का समय दिया जाएगा। प्रतिभागियों का मूल्यांकन विषय की समझ, तार्किक विश्लेषण, संवैधानिक मूल्यों की जानकारी तथा प्रभावी अभिव्यक्ति के आधार पर निर्णायक मंडल द्वारा किया जाएगा।
जिला स्तर पर चयनित प्रतिभागियों को राज्य स्तर पर आयोजित युवा संसद में प्रतिभाग करने का अवसर प्राप्त होगा तथा राज्य स्तर पर चयनित युवा राष्ट्रीय स्तर पर अपने विचार प्रस्तुत करेंगे। इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं की आवाज को संवाद के माध्यम से जिला, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर तक पहुँचाना है।
जिला युवा अधिकारी माय भारत सागर माहेश्वरी ने जनपद के समस्त महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में प्रतिभाग कर कार्यक्रम को सफल बनाएं।
