बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। जनपद में निराश्रित एवं बेसहारा गोवंशों के संरक्षण हेतु प्रभावी कार्यवाही निरंतर जारी है। दिनांक 01 अप्रैल 2025 से अब तक विभिन्न ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में विचरण कर रहे कुल 835 निराश्रित गोवंशों को संबंधित खण्ड विकास अधिकारियों एवं अधिशासी अधिकारियों द्वारा गठित टीमों के माध्यम से कैटल कैचर की सहायता से पकड़कर निकटवर्ती गोवंश आश्रय स्थलों में सुरक्षित रूप से संरक्षित कराया जा चुका है।जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री के निर्देशानुसार विगत एक सप्ताह से जनपद के समस्त विकास खण्डों एवं नगर निकायों में विशेष गो-संरक्षण अभियान संचालित किया जा रहा है। इस विशेष अभियान के अंतर्गत अब तक 40 निराश्रित गोवंशों को चिन्हित कर सुरक्षित रूप से आश्रय स्थलों तक पहुंचाया गया है।
मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. सरदूल सिंह ने अवगत कराया कि यह अभियान निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य सड़कों एवं सार्वजनिक स्थलों पर विचरण कर रहे निराश्रित गोवंशों को सुरक्षित आश्रय स्थलों तक पहुंचाकर आम जनमानस की सुविधा सुनिश्चित करना तथा किसानों की फसलों को संभावित क्षति से बचाना है। अभियान की नियमित मॉनिटरिंग स्वयं उनके द्वारा की जा रही है।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं नगर निकायों को निर्देशित किया है कि अधिक से अधिक निराश्रित गोवंशों को चिन्हित कर उन्हें सुरक्षित गोशालाओं में संरक्षित कराया जाए, जिससे जनसुरक्षा एवं कृषक हितों की रक्षा सुनिश्चित हो सके।
मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने ग्राम प्रधानों एवं आम नागरिकों से अपील की है कि यदि उनके क्षेत्र में कोई निराश्रित गोवंश दिखाई दे तो इसकी सूचना तत्काल संबंधित नगर निकाय अथवा पशुपालन विभाग को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्यवाही कर गोवंशों को सुरक्षित आश्रय उपलब्ध कराया जा सके।

