कन्नौज : इत्र नगरी में 14 से 16 मार्च तक होगा ‘‘कन्नौज इत्रोत्सव’’ का भव्य आयोजन

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज। (आवाज न्यूज ब्यूरो)। इत्र और ऐतिहासिक विरासत के लिए विश्वविख्यात कन्नौज में आगामी 14 से 16 मार्च 2026 तक बोर्डिंग ग्राउंड, कन्नौज में तीन दिवसीय ‘‘कन्नौज इत्रोत्सव’’ का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस उत्सव का उद्देश्य कन्नौज की सदियों पुरानी इत्र निर्माण परंपरा, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत तथा स्थानीय हस्तशिल्प और उद्योगों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना है।

तीन दिवसीय इस उत्सव के दौरान विभिन्न आकर्षक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम के अंतर्गत शिल्प मेला एवं व्यापार मेला प्रमुख आकर्षण होंगे, जहां स्थानीय कारीगरों, इत्र निर्माताओं तथा उद्यमियों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन और विपणन का अवसर प्राप्त होगा। इसके साथ ही विभिन्य प्रकार के पारंपरिक एवं स्वादिष्ट व्यंजनों के फूड स्टॉल भी लगाए जाएंगे, जिससे आगंतुकों को विविध व्यंजनों का स्वाद लेने का अवसर मिलेगा।

उत्सव के दौरान प्रतिदिन सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें स्थानीय कलाकारों सहित विभिन्न सांस्कृतिक दलों द्वारा लोक नृत्य, संगीत एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। इन कार्यक्रमों के माध्यम से कन्नौज की समृद्ध लोक संस्कृति, परंपराएं और कलात्मक धरोहर को प्रदर्शित किया जाएगा।

‘कन्नौज इत्रोत्सव’ के अवसर पर एक विशेष स्मारिका का भी प्रकाशन किया जाएगा। इस स्मारिका में कन्नौज की इत्र निर्माण परंपरा, उसका ऐतिहासिक महत्व, निर्माण प्रक्रिया तथा नगर की गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां संकलित की जाएंगी। स्मारिका के प्रकाशन के लिए एक समिति का गठन किया जा रहा है जिसमे  स्मारिका के संपादन मंडल में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट सुश्री वैशाली, प्रशिक्षु आईएएस श्री अर्पित कुमार सहित जनपद के अन्य प्रबुद्ध जनों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

जिला प्रशासन द्वारा जनपदवासियों तथा देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों से अपील की गई है कि वे इस उत्सव में अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता कर कन्नौज की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं सुगंधित विरासत का अनुभव करें और इस आयोजन को सफल बनाने में सहयोग प्रदान करे।