बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज। (आवाज न्यूज ब्यूरो)। जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री की अध्यक्षता में तहसील तिर्वा के प्राथमिक विद्यालय अलियापुर में औद्योगिक गलियारा विकसित किए जाने के संबंध में ग्रामवासियों के साथ बैठक आयोजित की गई।
जिलाधिकारी ने बताया कि उत्तर प्रदेश एक्सप्रेस वे विकास प्राधिकरण (यूपीडा) द्वारा संचालित इंडस्ट्रियल कॉरिडोर योजना के अंतर्गत जनपद में औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने के लिए औद्योगिक गलियारा विकसित किए जाने का प्रस्ताव है। इस योजना के तहत जनपद के चार गांव—ठठिया, अलीपुर अहाना, भुन्ना तथा चंदौली को प्रस्तावित किया गया है।
उन्होंने बताया कि अलीपुर अहाना ग्राम में औद्योगिक गलियारे के विकास हेतु 142.6000 हेक्टेयर भूमि का चिन्हांकन किया गया है। जिलाधिकारी ने ग्रामवासियों से संवाद करते हुए कहा कि यह परियोजना जनपद के विकास, रोजगार सृजन तथा क्षेत्रीय आर्थिक प्रगति से जुड़ी हुई है। उन्होंने सभी ग्रामीणों से अपील की कि इस महत्वपूर्ण विकास कार्य में प्रशासन का सहयोग करें, जिससे क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिल सके और स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर प्राप्त हों।
बैठक के दौरान ग्रामीणों ने भी अपनी जिज्ञासाएं एवं सुझाव साझा किए, जिनका जिलाधिकारी द्वारा संतोषजनक समाधान किया गया।
इस अवसर पर उपजिलाधिकारी तिर्वा राजेश कुमार सहित संबंधित अधिकारीगण, कर्मचारी एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे।

