कन्नौज : नो स्मोकिंग डे पर हुआ तम्बाकू निषेध कार्यक्रम

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। जिला तम्बाकू नियंत्रण प्रकोष्ठ के तत्वावधान में आज नो स्मोकिंग डे के अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय में एक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। संगोष्ठी का विषय “धूम्रपान का स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव” रहा, जिसमें तम्बाकू सेवन से होने वाले गंभीर दुष्प्रभावों के प्रति जनजागरूकता पर विशेष जोर दिया गया।

कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में पब्लिक हेल्थ एक्सपर्ट डॉ. सुकेश भारद्वाज ने धूम्रपान के दुष्प्रभावों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए विशेष रूप से पैसिव स्मोकिंग के कारण गर्भवती महिलाओं एवं गर्भस्थ शिशु पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभावों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि तम्बाकू का धुआँ आसपास के लोगों के स्वास्थ्य के लिए भी उतना ही हानिकारक होता है जितना धूम्रपान करने वाले व्यक्ति के लिए।संगोष्ठी की अध्यक्षता मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. स्वदेश कुमार द्वारा की गई। इस अवसर पर उन्होंने कोटपा अधिनियम-2003 के प्रावधानों की जानकारी देते हुए सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान प्रतिबंधित होने तथा तम्बाकू नियंत्रण के लिए लागू कानूनी प्रावधानों से अवगत कराया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित 65 लोगों ने तम्बाकू का सेवन न करने एवं दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने की शपथ ली।

 कार्यक्रम के अंत में नोडल अधिकारी डॉ. के.पी. त्रिपाठी द्वारा सभी प्रतिभागियों एवं उपस्थित अधिकारियों का धन्यवाद ज्ञापित किया गया।

 इसके अतिरिक्त तम्बाकू नियंत्रण प्रकोष्ठ के जनपद सलाहकार डॉ. रवि प्रताप सिंह एवं सामाजिक कार्यकर्ता पियूषा दुबे द्वारा बस स्टेशन, रेलवे स्टेशन एवं जिला चिकित्सालय में आमजन को तम्बाकू एवं धूम्रपान से होने वाले दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया गया। साथ ही जनपद के समस्त सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों, राजकीय मेडिकल कॉलेज तथा 100 बेड संयुक्त चिकित्सालय छिबरामऊ सहित अन्य स्वास्थ्य संस्थानों में भी नो स्मोकिंग डे मनाया गया।

तम्बाकू नियंत्रण प्रकोष्ठ की इन्फोर्समेंट स्क्वाड द्वारा अभियान चलाते हुए सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान करने वाले 82 व्यक्तियों से कुल 3000 रुपये का जुर्माना वसूला गया तथा उन्हें तम्बाकू सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया।

स्वास्थ्य विभाग ने जनसामान्य से अपील की है कि स्वस्थ जीवन के लिए तम्बाकू एवं धूम्रपान से दूर रहें तथा समाज को नशा मुक्त बनाने में अपना सहयोग प्रदान करें।