‘‘अखिलेश यादव ने गोरक्षा अभियान का किया समर्थन’’
लखनऊ। (आवाज न्यूज ब्यूरो)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गुरुवार को लखनऊ के कृष्णा नगर क्षेत्र में स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद का आशीर्वाद लिया और उनके गोरक्षा अभियान का समर्थन भी जताया।
स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने बुधवार को लखनऊ से अपने गोरक्षा अभियान की शुरुआत की थी। वे 8 मार्च को वाराणसी से यात्रा शुरू कर कई जिलों का दौरा करते हुए 11 मार्च को लखनऊ पहुंचे थे।
नकली संतों का अंत होने जा रहा है
अखिलेश यादव गुरुवार दोपहर लगभग 12ः30 बजे अपने आवास से स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद से मिलने के लिए निकले। इस मुलाकात के दौरान उनके साथ समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता और पूर्व मंत्री राजेंद्र चौधरी तथा पूर्व सांसद अनु टंडन भी मौजूद रहे।
मुलाकात के बाद अखिलेश यादव ने कहा कि वह स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद का आशीर्वाद लेने आए थे। उन्होंने कहा, जब किसी बड़े काम की शुरुआत से पहले शंकराचार्य का आशीर्वाद मिल जाए तो इससे बेहतर और क्या हो सकता है। उनका आशीर्वाद मिलने से नकली संतों का अंत होने जा रहा है।
गायों की सेवा और संरक्षण के लिए जो संभव होगा किया जाएगा
गोरक्षा के मुद्दे पर अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार के समय गायों की सेवा और संरक्षण के लिए कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए थे। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी गायों की सेवा और संरक्षण के लिए जो संभव होगा, वह किया जाएगा। मुलाकात के दौरान अखिलेश यादव ने प्रवेश द्वार पर मौजूद सभी संतों को हाथ जोड़कर प्रणाम किया।
सरकार द्वारा लगाई गई शर्तों की आलोचना भी की थी
उल्लेखनीय है कि जनवरी 2026 में प्रयागराज में आयोजित माघ मेला के दौरान प्रशासन और पुलिस के साथ हुए विवाद के बाद कई राजनीतिक नेता स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद से मुलाकात कर चुके हैं। इससे पहले अखिलेश यादव ने लखनऊ में स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के कार्यक्रम को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा लगाई गई शर्तों की आलोचना भी की थी।
गौ हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध की मांग को लेकर अभियान
स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती देशभर में गाय को ’राष्ट्र माता’ का दर्जा दिलाने और गौ हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग को लेकर अभियान चला रहे हैं। इसी क्रम में उन्होंने बुधवार को लखनऊ में एक सभा भी आयोजित की थी, जिसकी शर्तों को लेकर अखिलेश यादव ने सवाल उठाए थे। उन्होंने माघ मेले के दौरान स्वामी के खिलाफ हुई कार्रवाई पर भी आपत्ति जताई थी।
स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद से मिले अखिलेश,बोले : नकली संतों का होने जा रहा अंत

