कन्नौज : डीएम ने की इत्रोत्सव की तैयारियों की समीक्षा, कहा भव्य हो आयोजन 

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। इत्र से ही कन्नौज को पहचाना जाता है। कन्नौज की ऐतिहासिक सुगंधित विरासत को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आगामी 14 से 16 मार्च 2026 तक आयोजित होने वाले “इत्रोत्सव” कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा आज जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री द्वारा कलेक्ट्रेट के गांधी सभागार में की गई। बैठक में कार्यक्रम को भव्य एवं आकर्षक बनाने के लिए विभिन्न विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए ।

जिलाधिकारी ने कहा कि इत्र कन्नौज की पहचान है और सदियों से यहां की खुशबू देश-विदेश में प्रसिद्ध रही है। इत्रोत्सव का आयोजन कन्नौज की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, पारंपरिक इत्र उद्योग और स्थानीय कारीगरों की कला को बढ़ावा देने के उद्देश्य से किया जा रहा है। इत्रोत्सव के माध्यम से कन्नौज की ऐतिहासिक पहचान, पारंपरिक इत्र उद्योग और सांस्कृतिक धरोहर को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

बैठक में उपस्थित इत्र उद्यमी प्रवीण टंडन ने सुझाव दिया कि कन्नौज के इत्र का व्यापक प्रचार-प्रसार राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर किया जाना चाहिए, ताकि यहां के पारंपरिक इत्र उद्योग को नई पहचान और बाजार मिल सके। उन्होंने कहा कि इत्रोत्सव इस दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित होगा। कहा कि इत्र उद्यमी अपने उत्पाद का  स्टॉल लगाए और हो सके तो इत्र उद्यमी आपस में समन्वय स्थापित कर इत्र भभके की संरचना का सेल्फी प्वाइंट बनाए, जिससे आगंतुकों को आकर्षित करें। उन्होंने कहा कि कन्नौज की विशिष्टता और गौरव पर एक स्मारिका का प्रकाशन किया जाएगा।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि उत्सव में कानपुर, लखनऊ इत्यादि जनपदों के प्रसिद्ध खाद्य व्यंजनों की आकर्षक स्टॉल लगाई जाएं, जिससे आगंतुकों को विविध स्वादों का अनुभव मिल सके। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यक्रम के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए डिजिटल प्लेट फॉर्म का भी सहयोग ले। इसके साथ ही कहा कि आमंत्रण को सोशल मीडिया पर भी प्रभावी उपयोग किया जाए, जिससे अधिक से अधिक लोग इस उत्सव से जुड़ सकें। 

 बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राम कृपाल चौधरी, अपर जिलाधिकारी (वित्त/ राजस्व) देवेंद्र सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक अजय कुमार, ज्वॉइंट मजिस्ट्रेट वैशाली, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ स्वदेश गुप्ता, जिला पर्यटन अधिकारी डॉ एम0 मकबूल, सीएम ट्यूरिज्म फेलो नमन दुआ इत्यादि उपस्थित रहें।