बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट गांधी सभागार में जिला बैंकर्स सलाहकार समिति की बैठक सम्पन्न हुई।
जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना की समीक्षा करते हुये बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में जनपद को 1700 लक्ष्य के सापेक्ष अब तक 1328 आवेदन स्वीकृत किए जा चुके हैं तथा 1259 लाभार्थियों को ऋण वितरण कर लाभान्वित किया गया है। उन्होनें उ0प्र0 ग्रामीण बैंक, केनरा बैंक, इंडियन बैंक, पंजाब एंड सिंध बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, आईडीबीआई बैंक, एक्सिस बैंक की खराब प्रगति मिलने पर नाराजगी व्यक्त की।
उन्होंने मुख्य विकास अधिकारी को निर्देश दिए कि उपायुक्त उद्योग, अग्रणी जिला प्रबंधक एंव संबंधित बैंक के प्रतिनिधियों के साथ प्रतिदिन समीक्षा की जाए तथा जिन बैंकों द्वारा लक्ष्य पूर्ति में लापरवाही बरती जा रही है, उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि यह राज्य सरकार की अत्यंत महत्वाकांक्षी एवं जनकल्याणकारी योजना है, अतः इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता स्वीकार्य नहीं होगी।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी रामकृपाल चौधरी, उपायुक्त स्वतः रोजगार राजकुमार लोधी, अग्रणी जिला प्रबंधक डॉ. रंजीत सिंह सहित संबंधित विभागीय अधिकारी एवं विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।

