भाजपा की प्रचंड जीत पर कन्नौज में उत्साह

जिला मुख्यालय पर जिला अध्यक्ष वीर सिंह भदौरिया के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने मनाया जश्न

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। पश्चिम बंगाल, असम और पांडुचेरी विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी की शानदार विजय पर आज कन्नौज जिला मुख्यालय में भारी उत्साह देखने को मिला। भाजपा जिला अध्यक्ष श्री वीर सिंह भदौरिया के नेतृत्व में भारी संख्या में जुटे कार्यकर्ताओं ने इस जीत को ‘जनता की जीत’ और ‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों पर मुहर’ बताया।

जिला अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों का मुंह मीठा कराकर जीत की बधाई दी।  मुख्यालय परिसर जय श्रीराम और ‘भारत माता की जय’ के उद्घोष से गूंज उठा। कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों की थाप पर जमकर नृत्य किया। इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष वीर सिंह भदौरिया ने कहा कि यह जीत राष्ट्रवाद और विकास की राजनीति की जीत है।

“पश्चिम बंगाल, असम और पांडुचेरी के परिणाम यह सिद्ध करते हैं कि देश की जनता को केवल भाजपा और मोदी जी के नेतृत्व पर अटूट विश्वास है। विपक्ष के नकारात्मक एजेंडे को दरकिनार कर जनता ने सुशासन को चुना है। हमारे जनपद के लोकप्रिय नेता पूर्व सांसद मा. सुब्रत पाठक जी समेत बंगाल चुनाव में अपनी अहम भूमिका निभाने वाले नेताओं और सभी सम्मानित मतदाताओं को भी बधाई।”

इस विजय उत्सव में जिला महामंत्री रामसेवक कठेरिया, रामबाबू कटियार, राजेश राजपूत, कुलदीप दोहरे, दीपशिखा पाल, विक्रम त्रिपाठी, रेखा दोहरे, अशोक सिंह, संतोष चतुर्वेदी, जिला मीडिया प्रभारी अभिषेक पाण्डेय, नगर अध्यक्ष शिवेन्द्र कुमार, विवेक पाठक, शोभित कश्यप, महेंद्र गिहार, ब्लॉक प्रमुख, मंडल अध्यक्ष और भारी संख्या में ऊर्जावान कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत की शुभकामनाएं दीं।