बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। जनपद में जल जीवन मिशन के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में शुद्ध एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने तथा जल संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में विकास खंड कन्नौज की ग्राम पंचायत दादौरा खुर्द में नवनिर्मित पेयजल योजना पर जल महोत्सव के अवसर पर जल अर्पण दिवस कार्यक्रम का भव्य एवं सफल आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों में जल संरक्षण एवं स्वच्छ पेयजल के महत्व के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए प्रभात फेरी, जल बंधन, जल संकल्प एवं जल संचयन जैसी विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। इन गतिविधियों के माध्यम से ग्रामीणों को जल के महत्व, उसके समुचित उपयोग तथा जल स्रोतों के संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया तथा सभी को जल बचाने का सामूहिक संकल्प दिलाया गया।
इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी कन्नौज एवं अधिशाषी अभियंता ने उपस्थित ग्रामीणों को संबोधित करते हुए पेयजल योजनाओं के समुचित रखरखाव, पानी के अनावश्यक दोहन को रोकने तथा स्वच्छता बनाए रखने के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह कार्यक्रम भारत सरकार के निर्देशों के क्रम में आयोजित किए जा रहे हैं। जनपद में जहां-जहां पेयजल टंकियों का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है, उन्हें संबंधित ग्राम पंचायतों को हैंडओवर किया जाएगा, जिससे ग्रामीणों को निरंतर एवं सुचारु रूप से पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित हो सके।
उन्होंने यह भी बताया कि जल जीवन मिशन के अंतर्गत दिनांक 08 से 22 मार्च तक विभिन्न ग्राम पंचायतों में जागरूकता एवं जनसहभागिता आधारित कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिनका उद्देश्य जल संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करना है।
उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन की योजनाओं का लाभ तभी स्थायी रूप से मिल सकेगा जब ग्रामवासी स्वयं इन जल स्रोतों के संरक्षण, रखरखाव एवं स्वच्छता के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाएंगे। साथ ही सभी से अपील की गई कि जल की एक-एक बूंद को बचाने तथा स्वच्छ वातावरण बनाए रखने में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करें।
कार्यक्रम में ग्राम प्रधान ददौरा खुर्द, जिला समन्वयक (डीपीएमयू), डीपीएम टीपीआई, सहायक अभियंता, जूनियर इंजीनियर, परियोजना प्रबंधक (कार्यदायी संस्था) सहित अन्य संबंधित अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे। सभी ने जल संरक्षण के महत्व पर अपने विचार व्यक्त करते हुए जनसहभागिता के माध्यम से जल जीवन मिशन को सफल बनाने का आह्वान किया।
गत दिवस विकास खंड छिबरामऊ की ग्राम पंचायत अतिराजपुर में भी जल महोत्सव के अवसर पर जल अर्पण दिवस कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया, जिसमें ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता तथा जल संरक्षण के प्रति जागरूक करते हुए जनभागीदारी को बढ़ावा दिया गया।
जनपद में इस प्रकार के कार्यक्रमों के माध्यम से जल जीवन मिशन को जनआंदोलन का रूप देने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे प्रत्येक घर तक स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित की जा सके।

