बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। विकसित भारत की संकल्पना को साकार करने तथा बालिकाओं में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, तार्किक क्षमता एवं आलोचनात्मक सोच के विकास को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से जनपद कन्नौज के समस्त कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों की छात्राओं के लिए लखनऊ स्थित आंचलिक विज्ञान केंद्र (रीजनल साइंस सिटी) का शैक्षिक भ्रमण आयोजित किया गया।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी रामकृपाल चौधरी ने कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, नगर क्षेत्र से छात्राओं को लेकर जाने वाली बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान उन्होंने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि विज्ञान जिज्ञासा, प्रयोग और निरंतर सीखने की प्रक्रिया है। ऐसे शैक्षिक भ्रमण विद्यार्थियों को किताबों से बाहर निकलकर व्यवहारिक रूप से ज्ञान प्राप्त करने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने बालिकाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि वे अपने अनुभवों से सीखें, प्रश्न पूछें और विज्ञान के क्षेत्र में आगे बढ़कर देश के विकास में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।
जिला समन्वयक (बालिका शिक्षा) रोहित तिवारी ने बताया कि शैक्षिक भ्रमण के दौरान बालिकाओं ने विज्ञान केंद्र में प्रदर्शित विभिन्न वैज्ञानिक गतिविधियों एवं मॉडलों का अवलोकन किया। छात्राओं ने नॉलेज ऑफ स्फीयर्स, 3-डी शो, लाइट एंड साउंड शो, विज्ञान व्याख्यान प्रदर्शन तथा 3-डी तारामंडल जैसी रोचक एवं ज्ञानवर्धक प्रस्तुतियों को देखा और विज्ञान से जुड़ी कई नई जानकारियाँ प्राप्त कीं। इन गतिविधियों के माध्यम से बालिकाओं को विज्ञान के सिद्धांतों को सरल एवं व्यवहारिक रूप में समझने का अवसर मिला।उन्होंने बताया कि शैक्षिक भ्रमण के उपरांत जनपद के सभी कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में छात्राओं के मध्य इस एक्सपोजर विजिट से प्राप्त अनुभवों एवं ज्ञान के आधार पर निबंध प्रतियोगिता का भी आयोजन कराया जाएगा, जिससे छात्राओं में अभिव्यक्ति क्षमता एवं वैज्ञानिक सोच को और अधिक प्रोत्साहन मिल सके।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संदीप कुमार ने कहा कि इस प्रकार के शैक्षिक भ्रमण से बालिकाओं में विज्ञान विषय के प्रति रुचि बढ़ती है तथा उन्हें नई खोजों और वैज्ञानिक तथ्यों को समझने का अवसर मिलता है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह एक्सपोजर विजिट छात्राओं के लिए अत्यंत प्रेरणादायक एवं लाभदायक सिद्ध होगी तथा उनके भविष्य के शैक्षिक एवं बौद्धिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

