कन्नौज: डीएम ने किया चुराचांदपुर गोशाला का निरीक्षण 

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो)।  जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने आज ग्राम पंचायत चौराचांदपुर स्थित गौशाला का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया। भीषण गर्मी को ध्यान में रखते हुए उन्होंने मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया कि टीन शेड के ऊपर समुचित ताप-रोधक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे गौवंश को अत्यधिक ताप से राहत मिल सके।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने गौशाला के सुव्यवस्थित संचालन पर बल देते हुए इसे विस्तारित कर आदर्श गौशाला के रूप में विकसित करने के निर्देश दिए। कहा कि वर्तमान में गौशाला में कुल 148 गोवंश संरक्षित हैं, जिनमें नंदी को अलग सुरक्षित स्थान पर रखा जाए, ताकि उनकी देखभाल व्यवस्थित ढंग से हो सके।

जिलाधिकारी ने तैनात 5 केयर टेकरों की ड्यूटी रोस्टर के आधार पर निर्धारित करने के निर्देश दिए, जिससे समय-समय पर गोवंशो को हरे चारे, भूसे तथा ठंडे व ताजे पेयजल की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित हो। उन्होंने गौशाला परिसर में अधिक से अधिक छायादार वृक्षारोपण कराने पर विशेष जोर दिया, जिससे प्राकृतिक शीतल वातावरण तैयार हो सके।

उन्होंने कहा कि गौशालाएं केवल संरक्षण केंद्र नहीं, बल्कि संवेदनशीलता, सेवा और सुव्यवस्था के उदाहरण बनने चाहिए। इस अवसर पर मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. सरदुल सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।