बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज। (आवाज न्यूज ब्यूरो)। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित उप निरीक्षक नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती परीक्षा के प्रथम दिवस आज जनपद के 8 परीक्षा केन्द्रों पर शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी वातावरण में सफलतापूर्वक सम्पन्न हुई। परीक्षा के दौरान व्यवस्थाओं की सतत निगरानी सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री एवं पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने संयुक्त रूप से परीक्षा केन्द्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने सर्वप्रथम पुलिस लाइन स्थित कंट्रोल रूम का निरीक्षण कर परीक्षा संचालन से संबंधित व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।उन्होंने निर्देशित किया कि परीक्षा से संबंधित प्रत्येक गतिविधि पर निरंतर निगरानी रखी जाए, जिससे पूरी प्रक्रिया पारदर्शी एवं व्यवस्थित ढंग से संचालित हो सके।
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने मुस्लिम मोहम्मदिया इंटर कॉलेज, सुशीला देवी गर्ल्स इंटर कॉलेज, जमुना प्रसाद गर्ल्स इंटर कॉलेज, सेठ बासुदेव सहाय इंटर कॉलेज, गोमती देवी गर्ल्स इंटर कॉलेज मकरन्द नगर, पीएसएम पीजी कॉलेज मकरन्द नगर, केकेसीएन इंटर कॉलेज तथा के.के. इंटर कॉलेज कन्नौज का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था, बैठने की व्यवस्था तथा अभ्यर्थियों के प्रवेश संबंधी प्रबंधों का स्थलीय सत्यापन किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने परीक्षा केन्द्रों पर तैनात केन्द्र व्यवस्थापक, सहायक केन्द्र व्यवस्थापक, स्टैटिक मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट, पुलिस प्रभारी, परीक्षा संचालन प्रभारी, कक्ष निरीक्षक एवं सहयोगी कक्ष निरीक्षक सहित सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखने हेतु पूरी सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।जिलाधिकारी ने परीक्षा केन्द्रों के कंट्रोल रूम से सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से परीक्षा कक्षों की निगरानी भी की तथा अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी प्रकार की अनियमितता पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि जनपद के 08 परीक्षा केन्द्रों पर दो पालियों में आयोजित परीक्षा आज शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न हुई। इसी प्रकार द्वितीय दिवस कल भी यह परीक्षा 8 केंद्रों पर परीक्षा संपन्न होगी, जिसमें गोपनीय परीक्षा सामग्री के सुरक्षित रख-रखाव, अभ्यर्थियों की सघन जांच, तथा इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों जैसे डिजिटल कैमरा युक्त चश्मा, ईयरिंग डिवाइस अथवा अन्य वर्जित सामग्री की पहचान के संबंध में विशेष सतर्कता बरती जाए तथा प्रवेश द्वार पर ही अभ्यर्थियों की गहन जांच सुनिश्चित की गई, जिससे परीक्षा की पारदर्शिता एवं शुचिता बनी रही।
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने कहा कि यह परीक्षा अत्यंत संवेदनशील थी, जिसके दृष्टिगत सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पूरी मुस्तैदी, सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन किया, जिसके परिणामस्वरूप आज परीक्षा शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न हुई।

