कन्नौज : भव्य शुभारंभ के साथ शुरू हुआ तीन दिवसीय “कन्नौज इत्रोत्सव–2026

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज। (आवाज न्यूज ब्यूरो)। जनपद के ऐतिहासिक बोर्डिंग ग्राउंड में दिनांक 14 से 16 मार्च  तक आयोजित होने वाले “कन्नौज इत्रोत्सव–2026” का शुभारंभ आज उत्तर प्रदेश की उच्च शिक्षा राज्य मंत्री/जनपद प्रभारी मंत्री रजनी तिवारी एवं समाज कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने संयुक्त रूप से कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर तिर्वा विधायक कैलाश सिंह राजपूत, जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री, पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार, भाजपा जिलाध्यक्ष वीर सिंह भदौरिया, मुख्य विकास अधिकारी रामकृपाल चौधरी सहित अन्य गणमान्य जन उपस्थित रहे।

इस दौरान अतिथियों द्वारा सूचना विभाग की जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित प्रदर्शनी, इत्र स्टॉल, फूड स्टॉल तथा विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया गया और उनकी सराहना की गई। कार्यक्रम में राधा रानी बृज संस्कृति कला समिति मथुरा द्वारा भजन गायन, नृत्यांजलि फाउंडेशन लखनऊ द्वारा रामायण, नृत्य नाटिका/गंगावतरण आदि कलाकारों द्वारा प्रस्तुत कार्यक्रमों ने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया।

कारीगरों की कला और कन्नौज की खुशबू को मिलेगा वैश्विक मंच – प्रभारी मंत्री

प्रभारी मंत्री रजनी तिवारी ने अपने संबोधन में कहा कि कन्नौज सदियों से इत्र की राजधानी के रूप में विश्व में प्रसिद्ध रहा है। यहां के कारीगरों की मेहनत, कौशल और परंपरा ने कन्नौज को विशिष्ट पहचान दिलाई है। उन्होंने कहा कि कन्नौज की पहचान यहां के कारीगरों, मिट्टी और फूलों की खुशबू से जुड़ी हुई है।

उन्होंने कहा कि इस भव्य इत्रोत्सव का उद्देश्य कारीगरों, व्यापारियों और उद्यमियों को एक मंच प्रदान कर कन्नौज के इत्र को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाना तथा इसकी प्रभावी ब्रांडिंग करना है। केंद्र सरकार एवं प्रदेश सरकार पारंपरिक उद्योगों को प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश का युवा, किसान, उद्यमी और कारीगर हर क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है। सरकार युवाओं की तकनीकी क्षमता बढ़ाने, किसानों की आय में वृद्धि करने तथा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह इत्रोत्सव कन्नौज के विकास में मील का पत्थर सिद्ध होगा।

इत्रोत्सव कन्नौज की पहचान को देगा नई ऊंचाई – असीम अरुण

समाज कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार)  असीम अरुण ने अपने संबोधन में कहा कि यह तीन दिवसीय इत्रोत्सव उत्साह, संस्कृति और परंपरा का अद्भुत संगम है, जो कन्नौज की पहचान को और मजबूत करेगा। उन्होंने कहा कि कन्नौज सदियों से खुशबू की राजधानी के रूप में जाना जाता है और यहां की पारंपरिक इत्र निर्माण कला पीढ़ी दर पीढ़ी चली आ रही है।

उन्होंने कहा कि यह आयोजन भविष्य में इत्र उद्योग मेला और अंतरराष्ट्रीय स्तर के इत्र महोत्सव के रूप में विकसित होगा, जिससे कन्नौज के इत्र उद्योग, पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी।

कन्नौज की पहचान को वैश्विक स्तर पर मिलेगी नई पहचान – विधायक तिर्वा

तिर्वा विधायक कैलाश सिंह राजपूत ने कहा कि इत्रोत्सव के आयोजन से कन्नौज की पारंपरिक कला, संस्कृति और उद्योग को नया मंच मिलेगा तथा यह आयोजन जनपद के आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

इत्रोत्सव से मिलेगा स्थानीय कारीगरों और उद्यमियों को मंच – जिलाधिकारी

जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने स्वागत उद्बोधन में कहा कि कन्नौज अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, पारंपरिक इत्र उद्योग और ऐतिहासिक पहचान के लिए विश्व विख्यात है। इत्रोत्सव के माध्यम से कन्नौज के इत्र उद्योग, स्थानीय कारीगरों की कला, पारंपरिक संस्कृति तथा स्थानीय व्यंजनों को एक मंच प्रदान किया गया है।

उन्होंने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य कन्नौज की ऐतिहासिक पहचान को देश-प्रदेश ही नहीं बल्कि विश्व स्तर पर स्थापित करना है। इस उत्सव के माध्यम से यहां के कारीगरों, उद्यमियों और व्यापारियों को नए अवसर प्राप्त होंगे तथा पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।

इत्रोत्सव से कन्नौज की सांस्कृतिक विरासत को मिलेगा बढ़ावा

भाजपा जिलाध्यक्ष वीर सिंह भदौरिया ने कहा कि कन्नौज की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहचान को व्यापक स्तर पर प्रदर्शित करने तथा इत्र उद्योग को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से यह आयोजन अत्यंत महत्वपूर्ण है।

ज्ञातव्य है कि “कन्नौज इत्रोत्सव–2026” का आयोजन जिला पर्यटन एवं संस्कृति विभाग, कन्नौज द्वारा किया जा रहा है, जिसमें इत्र उद्योग, हस्तशिल्प, स्थानीय उत्पादों, व्यंजनों तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भव्य प्रस्तुति की जा रही है।

कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी (वि/रा) देवेन्द्र सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक अजय कुमार, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट सुश्री वैशाली, प्रशिक्षु आईएएस अर्पित कुमार, जिला विकास अधिकारी नरेंद्र देव द्विवेदी, जिला पर्यटन अधिकारी डॉ. एम. मकबूल, सीएम टूरिज्म फेलो नमन दुआ सहित अनेक अधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।