अच्छी खबर : 17 मार्च से भारतीय डाकघर की नई सर्विस शुरू : अब 24 घंटे में पहुंचेगा पार्सल

‘‘देरी होने पर विभाग लौटाएगा पूरा पैसा’’
नई दिल्ली। (आवाज न्यूज ब्यूरो)। भारतीय डाक सेवा अपने इतिहास में एक बड़ा बदलाव करने जा रही है। आगामी 17 मार्च, 2026 को डाक विभाग अपनी प्रीमियम सर्विस ’24 स्पीड पोस्ट’ का भव्य आगाज करने वाला है। इस आधुनिक सेवा का औपचारिक शुभारंभ देश की राजधानी दिल्ली स्थित आकाशवाणी भवन के रंगभवन सभागार में दोपहर 12ः30 बजे किया जाएगा। इस ऐतिहासिक पल के साक्षी केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और संचार राज्य मंत्री डॉ. चंद्र शेखर पेम्मासानी बनेंगे, जो विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ मिलकर इस सेवा को राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इस नई पहल की सबसे बड़ी खूबी इसकी ’अगले दिन डिलीवरी’ की अटूट गारंटी है। विभाग ने यह सुनिश्चित किया है कि अगर कोई ग्राहक आज अपना शिपमेंट बुक करता है, तो उसे अगले दिन ही उसके गंतव्य तक पहुंचा दिया जाएगा। ’24 स्पीड पोस्ट ’ के साथ-साथ विभाग ’’48 स्पीड पोस्ट ’ सेवा भी पेश कर रहा है, जो क्रमशः डी$1 (अगले दिन) और डी$2 (दूसरे दिन) की निश्चित समय-सीमा में काम करेंगी।
शुरुआती चरण में यह विशेष सुविधा देश के छह प्रमुख महानगरों-दिल्ली, मुंबई, चेन्नई, कोलकाता, बेंगलुरु और हैदराबाद-में उपलब्ध होगी। इन शहरों के बीच कूरियर को बिजली की गति से पहुंचाने के लिए डाक विभाग ने विशेष प्रोसेसिंग विण्डो तैयार की है और माल ढुलाई के लिए प्राथमिकता वाले हवाई मार्गों का चयन किया है। सुरक्षा और तकनीक के मामले में भी यह सर्विस निजी कूरियर कंपनियों को कड़ी टक्कर देने वाली है। इसमें ग्राहकों को ओटीपी आधारित सुरक्षित डिलीवरी, एसएमएस के जरिए पल-पल की ट्रैकिंग और एपीआई इंटीग्रेशन जैसी हाई-टेक सुविधाएं मिलेंगी। व्यापारिक और कमर्शियल ग्राहकों के लिए विभाग ने विशेष सौगात दी है, जिसमें बुक नाउ पे लेटर बल्क बुकिंग के लिए मुफ्त पिकअप सुविधा और सेंट्रलाइज्ड बिलिंग शामिल है। लेकिन जो बात इस सेवा को सबसे अलग और भरोसेमंद बनाती है, वह है इसकी ’मनी-बैक गारंटी’। भारतीय डाक ने साहस दिखाते हुए यह घोषणा की है कि यदि विभाग निर्धारित समय के भीतर कूरियर पहुंचाने में विफल रहता है, तो ग्राहक से लिया गया पूरा सेवा शुल्क वापस कर दिया जाएगा। यह कदम न केवल इंडिया पोस्ट की प्रीमियम एक्सप्रेस डिलीवरी क्षमता को प्रमाणित करता है, बल्कि आम जनता के बीच सरकारी डाक सेवा के प्रति अटूट विश्वास को भी पुनः स्थापित करने का वादा करता है।