बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो) । यातायात माह-2026 के अंतर्गत आज तिर्वा क्रॉसिंग, कन्नौज पर सड़क सुरक्षा एवं यातायात जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री एवं पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने सहभागिता करते हुए आमजन को यातायात नियमों के पालन तथा सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में प्रभावी कमी लाना, वाहन चालकों में यातायात नियमों के प्रति जिम्मेदारी का भाव विकसित करना तथा सुरक्षित यातायात व्यवस्था को प्रोत्साहित करना रहा।
जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने कहा कि सड़क सुरक्षा प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। यातायात नियमों का पालन केवल चालान अथवा कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए नहीं, बल्कि स्वयं और दूसरों के अमूल्य जीवन की रक्षा के लिए आवश्यक है। उन्होंने दोपहिया वाहन चालकों से अपील की कि वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनें तथा अपने परिवार के सदस्यों को भी यातायात नियमों के पालन के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि थोड़ी-सी सावधानी और जिम्मेदारी अपनाकर अनेक सड़क दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है।
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने कहा कि यातायात नियमों का पालन सुरक्षित एवं व्यवस्थित यातायात की आधारशिला है। दोपहिया वाहन पर चालक के साथ पीछे बैठने वाले व्यक्ति के लिए भी हेलमेट पहनना अनिवार्य है। चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का प्रयोग करें तथा निर्धारित गति सीमा का पालन करते हुए वाहन चलाएं। उन्होंने कहा कि यातायात पुलिस द्वारा जनजागरूकता के माध्यम से लोगों को सुरक्षित यातायात के प्रति निरंतर जागरूक किया जा रहा है। सभी वाहन चालक सड़क पर अपनी जिम्मेदारी समझें और नियमों का पालन अपनी आदत में शामिल करें।
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा आर्थिक रूप से कमजोर एवं हेलमेट खरीदने में असमर्थ दोपहिया वाहन चालकों को कुल 100 निःशुल्क हेलमेट वितरित किए गए। साथ ही वाहन चालकों के लिए निःशुल्क नेत्र परीक्षण की व्यवस्था भी की गई, ताकि दृष्टि संबंधी समस्याओं की समय रहते पहचान कर वाहन संचालन को अधिक सुरक्षित बनाया जा सके।
इस अवसर पर सेवानिवृत्त क्षेत्राधिकारी उमाशंकर यादव एवं उनके सहयोगी बिलाल सिद्दीकी तथा एक निजी बीमा कंपनी के मैनेजर मुकेश दुबे द्वारा यातायात पुलिस को 50 हेलमेट दान किए गए। इसके अतिरिक्त स्थानीय संस्थाओं के सहयोग से 50 हेलमेट उपलब्ध कराए गए। क्षेत्राधिकारी यातायात सुश्री शिल्पा वर्मा द्वारा ऐसे जरूरतमंद दोपहिया वाहन चालकों को चिह्नित कर उनकी सूची तैयार कराई गई थी, जिन्होंने आर्थिक असमर्थता के कारण हेलमेट खरीदने में असमर्थता व्यक्त की थी। इन्हीं पात्र वाहन चालकों को सभी 100 हेलमेट वितरित किए गए।
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने जनपदवासियों से अपील की कि वे यातायात नियमों का स्वयं पालन करें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें। सुरक्षित यात्रा, सुरक्षित परिवार और दुर्घटनामुक्त समाज के संकल्प के साथ यातायात नियमों को अपनी दिनचर्या का अनिवार्य हिस्सा बनाएं।
कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी यातायात सुश्री शिल्पा वर्मा, यातायात प्रभारी रविशंकर त्रिपाठी, एआरएम दिनेश यादव सहित यातायात पुलिस के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
