कन्नौज: हत्यारोपी कांग्रेस नेता के घर चला बुलडोज़र 

बृजेश चतुर्वेदी 

कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो) । अधिवक्ता अनुज चतुर्वेदी की हत्या के 5 दिन बाद मुख्य आरोपी कांग्रेस नेता अमोल दीक्षित के मकान को बुलडोजर से ढहा दिया गया। भारी पुलिस बल के साथ नगर पालिका की टीम मकान को ढहाने बुलडोजर लेकर आज सुबह पहुंची।

दरअसल, दीपावली के दिन 8 नवंबर को कोतवाली के पास अधिवक्ता की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने 10 नवंबर को मुख्य आरोपी अमोल दीक्षित और उसकी मां मुन्नी देवी को गिरफ्तार कर लिया था हालांकि, अमोल के पिता अवध बिहारी दीक्षित अभी फरार हैं। मकान पर कार्रवाई के लिए पहले ही गेट पर नोटिस चस्पा कर दिया गया था। इसमें निर्धारित सीमा से अधिक निर्माण किए जाने का हवाला दिया गया था। इसके बाद बुलडोजर से मकान के चिह्नित हिस्से को ध्वस्त करने की कार्रवाई शुरू की गई।

विवाद के बाद अधिवक्ता को मारी थीं गोलियां

दीपावली यानी रविवार, 8 नवंबर की शाम करीब 6:30 बजे छिबरामऊ की कोयला वाली गली में विवाद हुआ था। पुलिस के मुताबिक, अमोल दीक्षित ने अधिवक्ता अनुज चतुर्वेदी के चचेरे भाई बसंत चतुर्वेदी को थप्पड़ मार दिया था। इसकी जानकारी मिलने पर अनुज अपने साथियों के साथ अमोल से शिकायत करने पहुंचे थे।

आरोप है कि दोनों पक्षों में कहासुनी बढ़ने पर अमोल घर के अंदर गया और लाइसेंसी पिस्टल लेकर बाहर आया। इसके बाद उसने अनुज पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से गंभीर रूप से घायल अनुज को सौ शैय्या अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

भाई की तहरीर पर तीन लोगों के खिलाफ केस

सोमवार, 9 नवंबर को मृतक के भाई अंकित चतुर्वेदी की तहरीर पर अमोल दीक्षित, उसके पिता अवध बिहारी दीक्षित और मां मुन्नी देवी के खिलाफ हत्या समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने एसओजी और सर्विलांस समेत कई टीमें गठित कीं।

इसी दिन पोस्टमार्टम के बाद अधिवक्ता का शव परिजनों को सौंप दिया गया। भारी पुलिस सुरक्षा के बीच अंतिम यात्रा निकाली गई। शव को छिबरामऊ से फर्रुखाबाद जिले के गदनपुर तुर्रा स्थित पैतृक गांव ले जाया गया। बाद में पांचाल घाट पर अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में अधिवक्ता और स्थानीय लोग शामिल हुए।

काली नदी के पास से अमोल गिरफ्तार

मंगलवार, 10 नवंबर को पुलिस ने मुख्य आरोपी अमोल दीक्षित को फर्रुखाबाद रोड पर काली नदी के पास से गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल लाइसेंसी 7.65 एमएम की पिस्टल बरामद हुई। पिस्टल की मैगजीन में एक जिंदा कारतूस और नाल में एक खोखा फंसा मिला था।

इसी दिन पुलिस ने उसकी मां मुन्नी देवी को भी विशुनगढ़ रोड पर कुंवरपुर बनवारी गांव के पास से गिरफ्तार किया। दोनों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया हालांकि, अमोल के पिता अवध बिहारी दीक्षित फरार रहे।

सामने आया हत्या का सीसीटीवी फुटेज

बुधवार, 11 नवंबर को हत्याकांड का सीसीटीवी फुटेज सामने आया। इसमें वारदात से पहले दोनों पक्षों के लोगों की गतिविधियां और फायरिंग का घटनाक्रम दिखाई दिया।

पुलिस की जांच में सामने आया कि अमोल ने पिस्टल से चार गोलियां चलाई थीं। घटनास्थल से चार खोखे मिले और अनुज के शरीर से भी चार गोलियां बरामद हुईं। पुलिस के मुताबिक, पिस्टल में पांचवां कारतूस फंसने के बाद अमोल मौके से भागा था।

वकीलों ने अमोल की पैरवी नहीं करने का फैसला लिया

गुरुवार, 12 नवंबर को कन्नौज बार एसोसिएशन की बैठक में अधिवक्ताओं ने एकमत होकर फैसला लिया कि कोई भी वकील हत्यारोपी अमोल दीक्षित की पैरवी नहीं करेगा। अधिवक्ताओं ने हत्या पर आक्रोश जताते हुए साथी को न्याय दिलाने की मांग की।

इसी दिन डीएम आशुतोष मोहन अग्निहोत्री और एसपी विनोद कुमार ने विधायक अर्चना पांडेय के साथ मृतक के घर पहुंचकर परिजनों से मुलाकात की। डीएम ने परिवार की सुरक्षा के लिए शस्त्र लाइसेंस और अनुज की पत्नी लक्ष्मी को सरकारी योजनाओं के माध्यम से आर्थिक सहायता दिलाने का भरोसा दिया।

उधर, पुलिस फरार आरोपी अवध बिहारी दीक्षित की तलाश में कन्नौज के अलावा हरदोई, उन्नाव और अन्य जिलों में दबिश देती रही। पुलिस के मुताबिक, वह मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं कर रहा है, जिससे उसकी लोकेशन ट्रेस करने में दिक्कत आ रही है।

आरोपी के मकान पर पहुंचा बुलडोजर

शुक्रवार, 13 नवंबर को नगर पालिका छिबरामऊ की टीम भारी पुलिस बल के साथ अमोल दीक्षित के मकान पर पहुंची। नगर पालिका की ओर से मकान के गेट पर पहले ही नोटिस चस्पा किया गया था। इसमें निर्धारित सीमा से अधिक निर्माण किए जाने का हवाला दिया गया था।

इसके बाद बुलडोजर से मकान के चिह्नित हिस्से को ध्वस्त करने की कार्रवाई शुरू की गई। सुरक्षा के लिए मौके पर बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात रहे। हत्याकांड के बाद आरोपी के मकान पर हुई इस कार्रवाई को लेकर इलाके में चर्चाएं तेज हो गईं।

अब फरार पिता की गिरफ्तारी का इंतजार

हत्याकांड में मुख्य आरोपी अमोल दीक्षित और उसकी मां मुन्नी देवी जेल में हैं जबकि पिता अवध बिहारी दीक्षित की गिरफ्तारी अभी बाकी है। पुलिस उनकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है।

आरोपी कांग्रेस का जिला महासचिव

छिबरामऊ में दिवाली की शाम अधिवक्ता अनुज चतुर्वेदी की गोली मारकर हत्या के मामले में आरोपी अमोल दीक्षित कांग्रेस का जिला महासचिव है। उसने वर्ष 2022 में छिबरामऊ विधानसभा क्षेत्र से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ा था। वह 2027 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहा था।

अधिवक्ता अनुज चतुर्वेदी और अमोल दीक्षित के बीच साल 2022 के विधानसभा चुनाव के समय से ही रंजिश चली आ रही थी। वहीं, मृतक अधिवक्ता का परिवार भाजपा विधायक अर्चना पांडेय का करीबी बताया जाता है।