2027 से पहले ही बढ़ गई भाजपा में खींचतान
बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। कन्नौज में रविवार को हुई जिला कार्यसमिति की घोषणा ने कन्नौज के बड़े बड़े भाजपाइयों का गुस्सा खुलकर सामने ला दिया। कार्यसमिति में पुराने संघर्षशील नेताओं को नजर अंदाज करने का आरोप लगाते हुए भाजपाइयों ने सोशल मीडिया पर जमकर अपनी भड़ास निकाली।
वरिष्ठ नेताओं में शुमार कहे जाने वाले वरिष्ठ भाजपा नेता व पालिका प्रत्याशी रहे विक्रम त्रिपाठी ने करारा जवाब मिलेगा लिखते हुए संक्षेप में अपना विरोध जताया। भाजपा में श्री त्रिपाठी शांत स्वभाव एवं गंभीर नेताओं में जाने जाते हैं ऐसे में उनका इस तरह असंतोष जताना भाजपा के लिए अच्छे संकेत नही है।
इसके अलावा कश्यप समाज से आने वाले भाजपा नेता रंजीत कश्यप भी भाजपा में अपने वजूद को लेकर संघर्ष कर रहे हैं। पालिका चुनाव में टिकट न मिलने से पहले से ही रंजीत कश्यप नाराज दिख रहे हैं और अब जिला कार्यसमिति की सूची में उनका नाम न होने से उनका गुस्सा जगजाहिर हो गया और उन्होंने 2027 के लिए अपनी मंशा भी सोशल मीडिया के माध्यम से बता दी।
उन्होंने शायराना अंदाज में लिखा कि पार्टी बांटे पद, अपने अपने को दे मंत्री असीम अरुण के इर्द गिर्द रहने वाले निहाल वर्मा ने भी सोशल मीडिया पर लंबे पोस्ट लिखकर संगठन को सचेत किया। श्री वर्मा ने लिखा कि जिला कार्यसमिति की सूची ने उन कार्यकर्ताओं का दिल तोड़ दिया जिन्होंने पार्टी के लिए सालों अपना पसीना बहाया लेकिन संगठन ने समर्पित कार्यकर्ताओं को दरकिनार कर संगठन विरोधियों को जगह देकर बहुत बड़ी गलती की है।
निहाल वर्मा ने आरोप लगाया कि भाजपा ने सूची में जूनियर को सीनियर बना दिया है। यह चयन पूरी तरह से पक्षपाती है। उन्होंने कहा कि जो लोग भाजपा की विचारधारा के खिलाफ रहे उन्हें मुख्य पदों से नवाजा जा रहा है। ज्ञात हो कन्नौज में सक्रिय रहकर जमीनी स्तर पर पार्टी के लिए कार्य करने वाले कई नेताओं को सूची में जगह नहीं दी गई जिसकी चारों ओर आलोचना भाजपा के नेताओं द्वारा की जा रही है।

