बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज। (आवाज न्यूज ब्यूरो)। उत्तर प्रदेश सरकार के नव निर्माण के नौ वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित “अपनी जड़ों को खोजें (डिस्कवर योर रूट्स)–2026” कार्यक्रम के अंतर्गत जनपद कन्नौज में एक भव्य एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन 26 मार्च को सायंकाल 05:30 बजे किया जाएगा। यह कार्यक्रम रोमा अंतर्राष्ट्रीय समुदाय स्मारक एवं मुक्ताकाशी मंच तथा राजकीय पुरातत्व संग्रहालय परिसर में संपन्न होगा।
इस विशेष अवसर पर रोमा समुदाय से जुड़े अंतर्राष्ट्रीय परिप्रेक्ष्य को ध्यान में रखते हुए विषय-विशेषज्ञों एवं विद्वानों द्वारा वर्चुअल माध्यम से विस्तृत विचार-विमर्श किया जाएगा। कार्यक्रम में रोमा समुदाय के इतिहास, संस्कृति, परंपराओं एवं उनकी वैश्विक उपस्थिति पर आधारित शोध पत्र प्रस्तुत किए जाएंगे, जो श्रोताओं को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करेंगे।
सांस्कृतिक गतिविधियों के अंतर्गत कार्यक्रम को और अधिक आकर्षक एवं जीवंत बनाने हेतु विविध प्रस्तुतियों का आयोजन भी किया जाएगा। इसमें श्री निशांत सिंह भदौरिया, झांसी द्वारा रोमा समुदाय से प्रेरित राई/कालबेलिया नृत्य की मनोहारी प्रस्तुति दी जाएगी। साथ ही, प्रसिद्ध कवयित्री अंकिता सिंह, गया (बिहार) एवं जनपद के सुप्रसिद्ध कवि कुमार विवेक अपनी काव्य प्रस्तुति से कार्यक्रम को साहित्यिक गरिमा प्रदान करेंगे।
यह आयोजन पर्यटन विभाग एवं सूचना विभाग के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न कराया जा रहा है, जिसका उद्देश्य जनमानस को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ते हुए वैश्विक सांस्कृतिक संबंधों को सुदृढ़ करना है।
