कन्नौज: एडीएम ने किया कई गैस एजेंसियों का निरीक्षण

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज।।(आवाज न्यूज ब्यूरो)।  अपर जिलाधिकारी (वि०/रा०) देवेन्द्र सिंह ने आज जनपद में संचालित विभिन्न गैस एजेंसियों का औचक निरीक्षण कर घरेलू एलपीजी सिलेंडरों की उपलब्धता, स्टॉक स्थिति तथा वितरण व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण का उद्देश्य आमजन को समय पर गैस उपलब्ध कराना तथा किसी भी प्रकार की कालाबाजारी अथवा कृत्रिम अभाव की स्थिति को रोकना रहा।

निरीक्षण के दौरान पीके गैस सर्विस, गुरसहायगंज में 528 घरेलू भरे सिलेंडर स्टॉक में उपलब्ध पाए गए, जबकि 504 अतिरिक्त सिलेंडर अगले दिन प्रातः तक प्राप्त होने की जानकारी दी गई। कुल मिलाकर स्टॉक की स्थिति संतोषजनक पाई गई।

इसी क्रम में बाला जी भारतीय गैस सर्विस, सफियापुर जलालाबाद पर 39 घरेलू भरे सिलेंडर वितरण हेतु उपलब्ध पाए गए। स्टॉक रजिस्टर एवं भौतिक सत्यापन में स्थिति सही एवं व्यवस्थित पाई गई।

अश्विनी गैस सर्विस, तिर्वा पर निरीक्षण के समय 715 सिलेंडरों का वितरण हो चुका था तथा 31 घरेलू भरे सिलेंडर शेष स्टॉक में उपलब्ध पाए गए सहित अन्य गैस सर्विस केन्द्रों के निरीक्षण में भी घरेलू सिलेंडरों की उपलब्धता पर्याप्त मात्रा में पाई गई तथा वितरण व्यवस्था सुव्यवस्थित मिली।

अपर जिलाधिकारी ने सभी गैस एजेंसी संचालकों को निर्देशित किया कि उपभोक्ताओं को निर्धारित समयसीमा में गैस की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, स्टॉक एवं वितरण रजिस्टर अद्यतन रखे जाएं, पारदर्शिता बनाए रखी जाए तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।

इस अवसर पर श्री सियाराम कुरील सप्लाई इंस्पेक्टर कन्नौज आदि उपस्थित रहे।