कन्नौज : कोटक महिंद्रा बैंक के खराब सीडी रेशियो पर डीएम ने जताई कड़ी नाराजगी

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो)।  जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट गांधी सभागार में बैंकर्स जिला सलाहकार समिति की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में विभिन्न बैंकों की प्रगति, ऋण वितरण तथा सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की गई।

समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने कोटक महिंद्रा बैंक के वित्तीय वर्ष 2025-26 में 2942.80 करोड़ रुपये जमा के सापेक्ष मात्र 37.32 करोड़ रुपये अग्रिम वितरण किए जाने तथा ऋण-जमा अनुपात केवल 1.27 प्रतिशत पाए जाने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने संबंधित बैंक के विरुद्ध आवश्यक कार्यवाही किए जाने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि कोटक महिंद्रा बैंक द्वारा न तो व्यक्तिगत ऋण दिए जा रहे हैं और न ही विभिन्न सरकारी योजनाओं के अंतर्गत ऋण वितरण में अपेक्षित सहयोग किया जा रहा है, जो अत्यंत गंभीर विषय है। उन्होंने 50 प्रतिशत से कम ऋण-जमा अनुपात वाले समस्त बैंकों को अपने कार्यों में सुधार लाने के निर्देश दिए। साथ ही अग्रणी जिला बैंक प्रबंधक एवं उपायुक्त उद्योग को भी समन्वय स्थापित करते हुए योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में जिलाधिकारी द्वारा वित्तीय वर्ष 2026-27 हेतु वार्षिक ऋण योजना का शुभारम्भ किया गया। इसके अंतर्गत कृषि एवं अन्य प्राथमिक क्षेत्रों के लिए ऋण लक्ष्यों का निर्धारण किया गया है, जो 1 अप्रैल 2026 से प्रभावी हैं।

जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना को उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना बताते हुए कहा कि जिला उद्योग केंद्र के माध्यम से प्रेषित पत्रावलियों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने बैंकों को निर्देशित किया कि निर्धारित लक्ष्यों को समय से पूर्ण करें तथा अनावश्यक रूप से पत्रावलियों में त्रुटियां निकालकर लंबित न रखें। जरूरतमंद लोगों को समय पर स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना शासन की प्राथमिकता है, इस पर विशेष ध्यान दिया जाए।

बैठक में प्रभारी मुख्य विकास अधिकारी नरेन्द्र देव द्विवेदी, डीसी एनआरएलएम राजकुमार लोधी, अग्रणी जिला प्रबंधक डॉ. रंजीत सिंह, उपायुक्त उद्योग प्रेमकांत सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।