कन्नौज : 13 आंगनवाड़ी सहायिकाओं को मिले नियुक्ति पत्र

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री  द्वारा 69,804 आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों/मुख्य सेविकाओं को स्मार्टफोन का वितरण एवं आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों को 2 लाख + ग्रोथ मॉनिटरिंग डिवाइस का वितरण तथा 18,440 आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों/सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र व ₹450 करोड़ की लागत से 3,170 आंगनवाड़ी केंद्र भवनों एवं 140 बाल विकास परियोजना कार्यालय भवनों का लोकार्पण/शिलान्यास किया गया जिसका सजीव प्रसारण जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री एवं मुख्य विकास अधिकारी राम कृपाल चौधरी तथा जिला अध्यक्ष वीर सिंह भदौरिया की उपस्थिति में आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं के साथ देखा व सुना गया। 

इस अवसर पर जनपद स्तर पर आयोजित कार्यक्रम में 13 आंगनवाड़ी सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री द्वारा 4 आंगनवाड़ी केंद्रों का लोकार्पण किया गया है, जिनमें छिबरामऊ क्षेत्र के अंतर्गत बिकूपुर, कन्नौज ग्रामीण क्षेत्र के अंतर्गत ईशापुर, उमर्दा क्षेत्र के अंतर्गत मालगवा तथा जलालाबाद क्षेत्र के अंतर्गत जलालाबाद शामिल हैं। उन्होंने कहा कि इन केंद्रों के लोकार्पण से क्षेत्र में बाल विकास एवं पोषण सेवाओं को और अधिक मजबूती मिलेगी तथा लाभार्थियों को बेहतर सुविधाएं प्राप्त होंगी।

इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष  वीर सिंह भदौरिया ने अपने संबोधन में कहा कि  मुख्यमंत्री सदैव महिलाओं के हित में कार्य करते आए हैं तथा महिलाओं का सम्मान करना उनकी प्राथमिकता में शामिल है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री द्वारा आगामी अप्रैल माह में आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं के मानदेय में वृद्धि करने की घोषणा की गई है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सरकार द्वारा शीघ्र ही मानदेय में सम्मानजनक बढ़ोतरी की जाएगी।

जिलाध्यक्ष ने यह भी बताया कि जनपद में जल्द ही 1649 आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं को मोबाइल फोन वितरित किए जाएंगे, जिससे उनके कार्यों में तकनीकी सुदृढ़ता आएगी। उन्होंने कहा कि हम प्रतिभा, परंपरा एवं प्रगति की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहे हैं। आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि वे यशोदा मैया की तरह समाज के बच्चों की देखभाल करती हैं तथा कुपोषण रूपी चुनौती से निपटने में महत्वपूर्ण योगदान देती हैं।

इस दौरान जिला महामंत्री शैलेन्द्र द्विवेदी, जिला कार्यक्रम अधिकारी राजेश वर्मा सहित अन्य उपस्थित रहें।