बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज। (आवाज न्यूज ब्यूरो)। जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने वृक्षारोपण महाअभियान-2025 के अंतर्गत अधिकाधिक पौधे रोपित किए जाने के निर्देश दिए है। वृक्षारोपण का मुख्य उद्देश्य है कि जनपद में पर्यावरण संतुलित बनाए रखा जा सके, भू-जल स्तर में सुधार हो, जैव विविधता को संरक्षण मिले तथा भावी पीढ़ी को स्वच्छ और हरित वातावरण प्रदान किया जा सके। इसके साथ ही, यह पहल नदियों के पुनर्जीवन, मृदा संरक्षण और जलवायु परिवर्तन की चुनौती से निपटने में भी सहायक सिद्ध होगी।
वृक्षारोपण महाअभियान 2025 को सफल बनाने हेतु आज जनपद में ईशन नदी के पुनर्जीवन एवं पुनरूद्धार हेतु विकासखण्ड सौरिख के ग्राम सराय ठेकू, विकासखण्ड छिबरामऊ में ग्राम पंचायत कैरादा एवं विकासखण्ड तालग्राम में ग्राम पंचायत तिलकसराय के ग्राम सुतहा, खजुरिया एवं बरही में ईशन नदी के तट पर बृहद स्तर पर वृक्षारोपण किया गया। साथ ही पौधों की निरन्तर सिंचाई, सुरक्षा आदि देखभाल करने का आह्वान किया।
पौधारोपण हेतु पौध वन विभाग द्वारा उपलब्ध करायी गयी तथा ग्राम्य विकास विभाग, पंचायती राज विभाग एवं वन विभाग के संयुक्त प्रयास एवं स्थानीय लोगो के सहयोग से नदी के किनारे लगभग 1000 से अधिक पौधों जिसमें जामुन, नीम, कंजी, शीशम, केसिया, गूलर, पीपल, पाकड़, बाँस इत्यादि पौधे रोपित किये गये। इसके अतिरिक्त जनपद में ईशन नदी के जलग्रहण क्षेत्र में आने वाली ग्राम पंचायतों में दिनांक 09 जुलाई 2025 को वृक्षारोपण महाअभियान-2025 के तहत लगभग 25,000 पौधों का रोपण किया गया है। इस वृक्षारोपण से जनपद में हरीतिमा में वृद्धि तथा नदी को अविरल बनाये रखने तथा पर्यावरण को प्रदूषणमुक्त बनाये रखने में सहायता मिलेगी। स्थानीय ग्रामीणों ने इस अभियान के दौरान बढचढ़कर प्रतिभाग किया तथा इन पौधों को बचाये रखने में सहयोग का भी संकल्प लिया। प्रभागीय वनाधिकारी एवं उपायुक्त श्रम रोजगार द्वारा अवगत कराया गया कि ईशन नदी के किनारे वृक्षारोपण कार्य जुलाई माह में जारी रहेगा।
कार्यक्रम में खण्ड विकास अधिकारी, छिबरामऊ दीपांकर आर्य, वन विभाग के कर्मचारी एवं विकास खण्ड के कर्मचारी मौजूद रहे तथा स्थानीय ग्रामीणों ने बढ़ चढ़कर प्रतिभाग किया।

