कन्नौज : जिले में पेट्रोलियम और गैस आपूर्ति की स्थिति सामान्य: डीएसओ

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज। (आवाज न्यूज ब्यूरो)।  29 एवं 30 मार्च को जनपद में डीजल/पेट्रोल/एल. पी.जी. स्टॉक की स्थिति, आमद तथा बिक्री की स्थिति का निरीक्षण ज्वाइंट मैजिस्ट्रेट-उपजिलाधिकारी सदर/ उपजिलाधिकारी छिबरामऊ/ उपजिलाधिकारी तिर्वा की अध्यक्षता में संबंधित पूर्ति निरीक्षक के साथ गठित टीम द्वारा रैंडम आधार पर अलग अलग प्रतिष्ठान पर जा कर की गई। तहसील सदर क्षेत्र में कुल 02 पेट्रोल पम्प/02 गैस एजेंसी, छिबरामऊ में कुल 04 पेट्रोल पंप/02 गैस एजेंसी तथा तिर्वा में 02 पेट्रोल पम्प/03 गैस एजेंसी की जांच संपादित हुई। पेट्रोल पंप पर ईंधन की बिक्री सामान्य पाई गई तथा आमद की स्थिति भी संतोषजनक है। पेट्रोल पंप स्वामियों को किसी भी स्थिति में किसी बॉटल/कैन/ड्रम आदि में पेट्रोल की बिक्री न करने के निर्देश दिए गए। गैस एजेंसियों को होम डिलीवरी के माध्यम से रिफिल उपलब्ध कराने के तथा ईकेवाईसी कार्य के लिए अलग विंडो स्थापित कर त्वरित गति से निस्तारण के निर्देश दिए गए। डीएसओ ने आज शाम जारी विज्ञप्ति में कहा है कि जनपद में ईंधन एवं घरेलू एल.पी.जी. का स्टॉक संतोषजनक स्थिति में है तथा मांग के सापेक्ष आपूर्ति की स्थिति भी सामान्य चल रही है। निरीक्षण का कार्य दैनिक रूप से संपादित किया जा रहा है तथा प्रतिष्ठान प्रोपराइटर एवं उपभोक्ताओं की समस्या को सुन कर निस्तारण का कार्य भी किया जा रहा है।