शहर में निकाली गई भगवान महावीर स्वामी की भव्य शोभायात्रा

फर्रुखाबाद।(आवाज न्यूज ब्यूरो)।  जैन धर्म के 24वें तीर्थंकर भगवान महावीर स्वामी जयंती के उपलक्ष्य में नगर में दो दिवसीय कार्यक्रमों का शुभारंभ सोमवार को भव्य शोभायात्रा के साथ हुआ। श्रद्धा और उत्साह से सराबोर इस शोभायात्रा का नगर के विभिन्न स्थानों पर भव्य स्वागत किया गया।
शोभायात्रा जैन मंदिर साधवाड़ा से प्रारंभ होकर बद्री विशाल कॉलेज के निकट स्थित जैन वाटिका तक पहुंची, जहां विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। इसके पश्चात यात्रा पुनः लालदरवाजा, घुमना, चौक होते हुए वापस साधवाड़ा पहुंचकर संपन्न हुई। यात्रा में शामिल जैन धर्मावलंबी भक्ति गीतों पर झूमते हुए, डांडिया नृत्य करते हुए आगे बढ़ते रहे, जिससे पूरे नगर का वातावरण धर्ममय हो गया। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया। युवा जैन कमेटी के तत्वाधान में निकाली गई इस शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया और भगवान महावीर स्वामी को नमन किया। संगठन के महामंत्री राहुल जैन ने जानकारी देते हुए बताया कि मंगलवार सायं 7 बजे जैन मंदिर साधवाड़ा में भगवान महावीर स्वामी का पालना झुलाने एवं भव्य भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने सभी धर्मप्रेमियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की।