कन्नौज : छात्रवृत्ति योजना में छात्र-छात्राओं को राहत…

तकनीकी कारणों से वंचित छात्रों को मिलेगा दोबारा मौका, जल्द खुलेगा पोर्टल

– राज्यमंत्री असीम अरुण का निर्देश, सभी पात्र को मिलेगा छात्रवृत्ति का लाभ

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो)।  शैक्षिक सत्र 2025-26 के अंतर्गत छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति योजना से किसी भी कारणवश वंचित रह गए छात्र-छात्राओं के लिए राहत भरी खबर है। समाज कल्याण विभाग द्वारा जल्द ही पोर्टल को दोबारा खोला जाएगा, जिससे छूटे हुए पात्र छात्र-छात्राओं को योजना का लाभ मिल सके। समाज कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण के निर्देशानुसार यह निर्णय लिया गया है। उन्होंने आश्वस्त किया कि किसी भी योग्य छात्र को केवल तकनीकी या अन्य कारणों से छात्रवृत्ति से वंचित नहीं रहना पड़ेगा। दोबारा पोर्टल खोलकर सभी पात्र छात्रों को पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से छात्रवृत्ति की धनराशि सीधे उनके खातों में उपलब्ध कराई जाए, जिससे उनकी पढ़ाई जारी रह सके।

तकनीकी समस्या होगी दूर, प्रक्रिया होगी पूरी

समाज कल्याण विभाग के उपनिदेशक आनंद कुमार सिंह ने बताया कि तकनीकी कारणों से नैशनल इंफॉर्मेटिक सेंटर (एनआईसी) को मास्टर फीस उपलब्ध नहीं हो सका था। इसके चलते कई छात्र-छात्राओं की छात्रवृत्ति प्रक्रिया पूरी नहीं हो पाई। उन्होंने बताया कि इस समस्या का समाधान किया जा रहा है और जल्द ही पोर्टल दोबारा खोलकर छात्रवृत्ति खाते में दी जाएगी।

पिछले वर्ष 53 हजार से अधिक छात्रों को मिला लाभ

वित्तीय वर्ष 2024-25 में छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति योजनाओं के तहत विभाग द्वारा पोर्टल खोला गया था। इसके माध्यम से 53,041 छात्रों को कुल 81.12 करोड़ रुपये की धनराशि प्रदान की गई थी। इन योजनाओं के अंतर्गत अनुसूचित जाति के 25,395 छात्रों को 30.65 करोड़ रुपये, सामान्य वर्ग के 27,646 छात्रों को 50.47 करोड़ रुपये की सहायता प्रदान की गई है।