कन्नौज : संपूर्ण समाधान दिवस में 8 खतौनियों में संशोधन कर डीएम ने तुरन्त हल कराई समस्या

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज। (आवाज न्यूज ब्यूरो)। जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री की अध्यक्षता में तहसील सदर में आज सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन हुआ। जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से जनसुनवाई में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 153 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 16 प्रकरणों का मौके पर ही गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया गया। शेष 137 प्रकरणों के संबंध में जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को  निर्देश देते हुए कहा कि सभी शिकायतों का पारदर्शी, समयबद्ध एवं संतोषजनक निस्तारण हर हाल में सुनिश्चित किया जाए। इस मौके पर 8 व्यक्तियों के नाम खतौनी में संशोधित कराकर उनको तत्काल खतौनी उपलब्ध की गई।

सम्पूर्ण समाधान दिवस पर तहसील तिर्वा में कुल 128 शिकायतों में से मौके पर 8 का निस्तारण किया गया एवं तहसील छिबरामऊ में कुल 162 शिकायतों में से मौके पर 22 का शिकायतों का निस्तारण किया गया।

जिलाधिकारी ने कहा कि चकमार्ग, विद्युत आपूर्ति, नाली-खड़ंजा निर्माण सहित किसी भी जनसमस्या के समाधान में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारी स्वयं मौके पर जाकर स्थलीय निरीक्षण करें और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने निर्देश दिए कि वृद्धावस्था पेंशन, दिव्यांग पेंशन एवं निराश्रित महिला पेंशन जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं से कोई भी पात्र लाभार्थी वंचित न रहने पाए।

जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे प्रातः 10ः00 बजे तक अनिवार्य रूप से अपने कार्यालय में उपस्थित रहकर आमजन की समस्याएं सुनें तथा उनका समयबद्ध समाधान करें। सम्पूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त सभी शिकायतों का एक सप्ताह के भीतर अनिवार्य रूप से निस्तारण किया जाए और निस्तारण की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. स्वदेश गुप्ता, प्रभागीय वनाधिकारी हेमंत सेठ, ज्वांइट  मजिस्ट्रेट/ उपजिलाधिकारी सुश्री वैशाली, प्रभारी तहसीलदार भरत मौर्या सहित अन्य जिला एवं तहसील स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।