बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। शासन ने प्रशासनिक व्यवस्था में फेर बदल करते हुए जिले के मुख्य विकास अधिकारी राम कृपाल चौधरी को मुख्यालय से संबद्ध किया है। शासन द्वारा जारी आदेश के मुताबिक उन्हें तत्काल प्रभाव से आयुक्त ग्राम्य विकास उत्तर प्रदेश लखनऊ के कार्यालय से संबद्ध कर दिया गया है।
बुधवार को देर शाम जारी आदेश में कहा गया है कि यह स्थानांतरण प्रशासनिक आधार पर लिया गया निर्णय है। नियुक्ति प्राधिकारी की ओर से उप सचिव चन्द्रिका प्रसाद द्वारा हस्ताक्षरित इस आदेश में सीडीओ को निर्देशित किया गया है कि वह अपनी नवीन तैनाती पर तत्काल कार्यभार ग्रहण करें। साथ ही, उन्हें अपना कार्यभार प्रमाणक शासन और आयुक्त कार्यालय को जल्द से जल्द उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।
जिले में इसे लेकर कयासों का दौर आज दिन भर जारी रहा। सत्तारूढ़ भाजपा के तमाम दिग्गज नेता इस तबादले को लेकर आपस मे चर्चा करते, स्थानांतरित सीडीओ से मिलने और अगला विकेट किसका की चर्चा करते देखे और सुने गए।
कई लोगो ने इसे मंत्री के बढ़ते वर्चस्व से जोड़कर देखा तो कई ने इसे जिले के पीडीएस संवर्ग में आपसी अंतर्द्वंद का नतीजा भी करार दिया। एक वरिष्ठ पीडीएस अधिकारी की मंत्री से बढ़ी हुई घनिष्ठता के परिणाम के तौर पर भी कुछ ने इसे परिभाषित करने की कोशिश की। बहरहाल 2 वर्ष, और दो माह का बेहद शानदार कार्यकाल बिता कर जिले से रवाना हो रहे मुख्य विकास अधिकारी रामकृपाल चौधरी का व्यक्तिगत आलोचक तो कोई नही ही मिला एक स्थानीय समाचार पत्र द्वारा महिला कार्मिको की कथित शिकायत से इस तबादले को जोड़कर देखने की कोशिश के चलते मीडिया भी आज दिनभर विकास कार्मिको और नेताओं के निशाने पर रही।

