फर्रूखाबाद और कन्नौज जनपद की किसी एक विधानसभा क्षेत्र से ब्राहमण प्रत्याशी उतारने को सपा में मंथन

‘आरके यादव’

‘‘फर्रूखाबाद से सरल दुबे और मनोज दीक्षित को छिबरामऊ से लडाने की चर्चा’’
फर्रूखाबाद/कन्नौज। (आवाज न्यूज ब्यूरो)। आगामी 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने अभी से विसात बिछाना शुरू कर दी है। चर्चा है कि फर्रूखाबाद और कन्नौज जनपद की किसी एक विधानसभा क्षेत्र से पूर्व महानगर अध्यक्ष सरल दुबे अथवा मनोज दीक्षित को प्रत्याशी बनाया जाएगा!
2022 के विधान सभा चुनाव में सपा को फर्रूखाबाद और कन्नौज जिले की सातों सीटों पर हार का सामना करना पडा था जिससे सपा को करारा झटका लगा था। क्योंकि एक समय फर्रूखाबाद की चारों सीटों पर सपा का कब्जा रहा जबकि कन्नौज अखिलेश का न केवल संसदीय क्षेत्र है बरन अपनी राजनीतिक पारी की शुरूआत भी उन्होंने कन्नौज से की थी और 2024 के लोकसभा चुनाव में कन्नौज की सीट पौने दो लाख से जीतकर उन्होंने यह साबित कर दिया कि कन्नौज की जनता में अभी भी उनका प्रभाव बरकरार है।
विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए अखिलेश ने जहां अपने फर्रूखाबाद दौरे पर सपा के पूर्व महानगर अध्यक्ष सरल दुबे के आवास पर अचानक जाकर सभी को चौंका दिया था तभी से श्री दुबे के विधानसभा चुनाव लडने की चर्चाओं को बल मिला है। वहीं कन्नौज दौरे में अखिलेश ने प्रमुख सुंगध व्यापारी और आशा ग्रुप के मनोज दीक्षित को काफी तरजीह दी जो राजनीतिक हलको में चर्चा का विषय रही। मनोज दीक्षित बीते लोकसभा चुनाव में उस समय चर्चा का केन्द्र बन गये थे जब उन्होंने कन्नौज के पूर्व भाजपा सांसद को निशाने पर लेकर कन्नौज की सभा में उनकी धज्जियां उड़ा दी थी। सभा में श्री दीक्षित इकलौते ऐसे वक्ता थे जिन पर जिला प्रशासन ने चुनाव आचार संहिता उल्लंघन का मुकदमा दर्ज किया गया लेकिन वह डरे नहीं। अखिलेश ने स्वयं उनके जुझारू तेवर की तारीफ की थी। वैसे मनोज दीक्षित राजनीति में काफी दिनों से सक्रिय है। वह पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के काफी करीबी रहे और राष्ट्रीय क्रांति पार्टी के टिकट से छिबरामऊ विधानसभा का चुनाव लड चुके हैं। वहीं सरल दुबे के तमाम करीबियों ने सपा छोड दी मगर श्रीदुबे ने सपा का साथ नहीं छोडा। सपा सूत्रों की माने तो फर्रूखाबाद और कन्नौज जनपद की किसी एक विधानसभा क्षेत्र से पूर्व महानगर अध्यक्ष सरल दुबे अथवा मनोज दीक्षित को प्रत्याशी बनाया जाएगा! सपा ने फर्रूखाबाद और कन्नौज जनपद की सातों सीटों पर चुनाव जीतने का पूरा रोडमैप तैयार कर लिया है और इसका खुलासा जल्द होने की संभावना है!